बाइक सवार को बचाने में आयशर पर पलटा ट्रक

बाइक सवार की मौत, आयशर चालक भी घायल, ट्रक ड्राइवर फरार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर रोड पर शनिवार सुबह एक बाइक सवार को बचाने में ट्रक आयशर से टकराया और दोनों पलटी खा गए। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि आयशर चालक घायल है। हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से भाग निकला।
मृतक का नाम रमेश उर्फ गुड्डू पिता ब्रजलाल श्रीवास्तव (53) निवासी पंथपिपलई है। रमेश मिस्त्री है और वो काम पर जाने के पहले बाइक में पेट्रोल भराने पंप पर आया था। यहां से जाते वक्त वह रांग साइड में रोड पर आगे बढ़ा तो सामने से आ रहे ट्रक चालक ने उसे बचाने के प्रयास में साइड में खड़ी आयशर को टक्कर मार दी और पलट गया।
इस दौरान रमेश भी ट्रक की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आयशर चालक ओमप्रकाश पिता बाबूलाल पाटीदार (50) निवासी नागझिरी दुर्घटना में गंभीर घायल है। ओमप्रकाश गैस एजेंसी की गाड़ी चलाता है और घटना के वक्त वो पेट्रोल पंप के पास खाली गाड़ी लेकर खड़ा था और गाड़ी के कांच साफ कर रहा था।
घायल ओमप्रकाश का चरक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं रमेश का शव शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद ट्रक मौके पर ही पड़ा है, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया।








