महाकाल क्षेत्र में दुकानदारों के बीच विवाद महिला ने 60 हजार लूटने का लगाया आरोप

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शक्तिपीठ मां हरसिद्धि मंदिर के समीप हार-फूल और भक्ति भंडार की दुकान लगाने वालों से हफ्ता वसूली को लेकर बुधवार को एक बार फिर विवाद हो गया। एक महिला को आवंटित दुकान पर कब्जे के लिए पड़ोसी दुकानदार ने महिला की दुकान का सारा सामान फेंक दिया और तोडफ़ोड़ की। इसके अलावा दुकान खाली नहीं करने को लेकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त महिला ने महाकाल थाना सहित एसपी कार्यालय में लिखित में शिकायत की है।

जानकारी के मुताबिक फरियादी राधाबाई पति कमल निवासी जूना सोमवारिया हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र में भक्ति भंडार की दुकान लगाती हैं। उन्होंने बताया कि इसी दुकान से उनका घर चलता है लेकिन यहीं दुकान लगाने वाला मोंटी और उसके पिता जसपाल निवासी ग्यारसीनगर गुंडागर्दी करते हैं और उसकी दुकान पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। इसी को लेकर वह अक्सर राधाबाई और उनकी मूकबिधर बेटी को धमकाता है। 14 मार्च को मोंटी और उसके पिता जसपाल ने उसकी गैरमौजूदगी में दुकान में अफरा-तफरी कर गल्ले में रखे ६० हजार रुपए निकाल लिए और बरसाती भी फाड़ दी। इसके अलावा दुकान छोडऩे के लिए धमकी भी दी। फरियादी राधाबाई ने महाकाल थाने और एसपी को शिकायती आवेदन दिया है।
सोलर पैनल लगाने का झांसा, ठग 1.53लाख
उज्जैन। सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर एक शख्स से 1.53 लाख रुपए ठग लिए गए। नागझिरी थाने की शिवांश सिटी में रहने वाले मुकेशसिंह परिहार को मकान पर सोलर पैनल लगवाना थे। उनके एक परिचित के मिलने वाले ने उन्हें बाजार रेट से कम दाम पर सोलर पैनल लगाने का झांसा दिया और 1.53 लाख रुपए ले लिए। राशि चुकाने के बाद भी जब उनके घर पर पैनल नहीं लगे तो उन्होंने संबंधित से संपर्क किया। आरोपी टालते रहे। मुकेश की रिपोर्ट पर नागझिरी पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।









