राघव चड्ढा भाजपा में शामिल

अशोक मित्तल ने ईडी छापे के 10वें दिन भाजपा ज्वाइन की

चंडीगढ़, एजेंसी। आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद भाजपा में शामिल होंगे। इसका ऐलान पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता हमारे साथ हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे। अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन हैं और जालंधर में उनके घर 10 दिन पहले (15 अप्रैल) ईडी ने छापेमारी की थी। राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी ज्वाइन की। बाकी चार सांसद अभी सामने नहीं आए हैं। स्वाति मालीवाल ने कहा- मैं इटानगर में हूं। जल्द ही दिल्ली लौटकर बात करूंगी। बता दे कि पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव है।
राघव ने कहा, जिस आप को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से भटक गई है। अब यह पार्टी देश के हित में नहीं, बल्कि अपने निजी फायदे के लिए काम करती है।
राघव बोले- दलबदल कानून नहीं लगेगा
राघव ने बताया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों ने यह फैसला लिया। इसलिए दलबदल कानून लगने का कोई मतलब नहीं है। राघव चड्ढा ने कहा पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। हमने यह फैसला किया है कि हम संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को भाजपा में मिला लेंगे।
राघव सरपंच बनने लायक नहीं थे : मान
सीएम भगवंत मान ने कहा कि राघव का यहां दम घुटने लग गया। जब 50 नंबर कोठी में थे, तो वहां पर बड़ी खुली हवा आती थी। साइकिल का भी स्टैंड होता है। कहीं तो खड़े हो जाओ। वैसे तो यह सरपंच बनने लायक नहीं थे। अशोक मित्तल के यहां ईडी का एक छापा था। इनकी पार्टी ईडी और सीबीआई के सिर पर चलती है। यह डेमोक्रेटिक पार्टी नहीं है। आम आदमी पार्टी के साथ लोग खड़े हैं। हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं।









