राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा एक्शन: 8 आरोपियों के घर एक साथ पुलिस की रेड

अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। रविवार सुबह पुलिस ने जेल में बंद आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे पुलिस की आठ अलग-अलग टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान तीन आरोपियों के घरों पर ताले मिले, जबकि अन्य स्थानों पर पुलिस ने दस्तावेजों की जांच कर परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की।

जांच के दौरान ट्रस्ट से जुड़े रहे रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर शुरुआत में ताला लगा मिला। कुछ देर बाद उनकी मां पहुंचीं और घर का ताला खोला, जिसके बाद पुलिस ने घर के भीतर रखे दस्तावेज, अलमारियां और अन्य सामान की जांच की। टिन्नू के भतीजे और सह-आरोपी मनीष यादव के घर पर भी ताला मिला। वहीं सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी पुलिस को कोई नहीं मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई।
आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी खंगाली। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया ताकि संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा सके।
अन्य आरोपियों के घरों पर भी पुलिस ने अलग-अलग तरीके से जांच की। रुदौली में लवकुश मिश्रा के घर पर स्थानीय पुलिस पहले से मौजूद रही और परिवार से पूछताछ की गई। कौशलपुरी में अविनाश शुक्ला के निवास पर कोई नहीं मिला, जिसके बाद आसपास के लोगों से जानकारी एकत्र की गई। नया घाट स्थित रमाशंकर मिश्रा के घर पर पुलिस ने दस्तावेजों की जांच कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच एसआईटी कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह का राजनीतिक निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।
पुलिस का कहना है कि छापेमारी के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर आगे भी संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी।









