रीवा हादसा : सड़क पर उतरकर जैन समाज ने किया मौन विरोध, ज्ञापन सौंपा

मामले की निष्पक्ष जांच हो, दोषी को कड़ी सजा मिले
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रीवा में सड़क हादसे में दो जैन साध्वियों की मृत्यु पर जैन समाज ने सोमवार को अनूठे तरीके से विरोध जताया। बड़ी संख्या में सड़क पर उतरे समुदाय ने मौन रैली निकाली और विरोध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हादसे की निष्पक्ष जांच और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की गई। दरअसल, रीवा में विहार कर रहीं जैन साध्वियों को एक वाहन चालक ने कुचल दिया था। आए दिन होने वाले हादसों से परेशान जैन समुदाय ने इसका शांतिपूर्वक विरोध करना तय किया था।
इसी कड़ी में सोमवार सुबह 8 बजे फ्रीगंज स्थित श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर से मौन जुलूस शुरू हुआ। श्वेत वस्त्र पहने पुरुषों और केसरिया वस्त्र पहनीं महिलाओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आचार्य डॉ. मुक्तिसागर जी, डॉ. संयमरत्न विजय जी, आर्यिका ज्ञेय मति श्रीजी की निश्रा में समाजजन टॉवर चौक पहुंचे और अपनी मांग रखी। जुलूस में सकल जैन समाज की अध्यक्ष संजय सूर्या, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, पूर्व विधायक पारस जैन, पार्षद रजत मेहता, वैश्य समाज के कुलदीप धारिया ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। एसडीएम एलएन गर्ग को समाज की ओर से ज्ञापन सौंपा गया। इसमें घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की गई।
किसने क्या कहा
जैन साधु-संत और साध्वी पैदल विहार करते हैं। उनके साथ इस तरह का हादसा होना गलत है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि वाहन चालक ने जानबूझकर हादसा कारित किया। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
-धर्मेंद्र सेठी
जैन संत-साध्वियों की सुरक्षा जरूरी है। वह पैदल ही विहार करते हैं। ऐसे मामले लापरवाही और षड्यंत्र की तरफ इशारा करते हैं। दोषी पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
-राहुल जैन
रीवा की घटना हादसा नहीं षड्यंत्र है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी साध्वी जी को देखकर उन पर वाहन चढ़ा रहा है। ऐसे में मामले की जांच जरूरी है।
-प्रसन्न बिलाला
ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना हादसा नहीं हत्या है। ऐसे में आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
-नितिन जैन









