उज्जैन में बनेंगे वॉल्वो-आयशर के बस-ट्रक

उद्योग में दौड़ता उज्जैन… विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में 70 एकड़ जमीन पर 580 करोड़ का होगा निवेश

ज्वाइंट वेंचर की वीईसीवी कंपनी से 1 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उज्जैन अब ऑटो मोबाइल के क्षेत्र में भी कीर्तिमान रचेगा। स्वीडन की ऑटोमोबाइल कंपनी वॉल्वो और भारत की आयशर मोटर्स के जाइंट वेंचर उद्यम वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड (वीईसीवी) ने विक्रम उद्योगपुरी में 580 करोड़ रुपए का निवेश करने का फैसला किया है। 70 एकड़ जमीन पर वीईसीवी मैन्यूफेक्चरिंग यूनिट स्थापित करेंगी। इसमें बस और ट्रक बनाए जाएंगे। इस निवेश से उज्जैन को विश्व स्तर पर पहचान मिलेगी। वीईसीवी के नए प्लांट में गियर, एक्सल असेंबली, ट्रांसमिशन और अन्य ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स का निर्माण होगा। कंपनी का मकसद भारत में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाना और कमर्शियल वाहनों की मांग पूरा करना है।
क्या होगा फायदा
इस प्रोजेक्ट से करीब 1 हजार लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बनेंगे। ऑटो पार्ट्स सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, वेयरहाउसिंग, मशीन मेंटेनेंस, सुरक्षा और कैंटीन जैसी सहायक सेवाओं में स्थानीय युवाओं और छोटे उद्यमियों को काम मिलने की संभावना रहेगी। इससे विक्रम उद्योगपुरी के आसपास छोटे-मध्यम उद्योगों की नई सप्लाई चेन विकसित होगी।
क्यों है उज्जैन में वॉल्वो आयशर की दिलचस्पी
दरअसल, उज्जैन भारत के एकदम मध्य में है। सीएम डॉ. मोहन यादव के आने के बाद उज्जैन के आसपास तगड़ा रोड नेटवर्क और बिजली सप्लाय सिस्टम डेवलप हुआ है। लॉजिस्टिक नेटवर्क में भी भारी सुधार हुआ है। इस कारण निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ा है। ऐसे में विक्रम उद्योगपुरी का दूसरे चरण शुरू होने से पहले ही बड़ी कंपनियों के निवेश प्रस्ताव सामने आ रहे हैं।
पहले फेज में तेजी से चल रहा है फैक्टरी का काम
वीईसीवी कमर्शियल व्हीकल्स को 2025 में विक्रम उद्योगपुरी के फेज-1 में 30 एकड़ जमीन आवंटित की गई थी। करीब 450 करोड़ रुपए के निवेश से फैक्टरी का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस यूनिट में लगभग 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक फेज-1 की फैक्टरी में अगले ६ महीनों के भीतर उत्पादन शुरू होने की संभावना है। यहां पर आयशर ब्रांड के ट्रक और बसों का निर्माण होगा।
488 हेक्टेयर में विकसित होगा फेज-2
एमपीआईडीसी उज्जैन विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में करीब 488 हेक्टेयर क्षेत्र को विकसित कर रहा है। इसमें से 382 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक इकाइयों के लिए आरक्षित रहेगी। इस पर करीब 455 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस राशि से सड़क, बिजली, पानी, ड्रेनेज, सीवेज ट्रीटमेंट और आधुनिक लॉजिस्टिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
2008 में बनी थी वीईसीवी
वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड की स्थापना 2008 में स्वीडन की वॉल्वो ग्रुप और भारत की आयशर मोटर्स के संयुक्त उद्यम के रूप में हुई थी। कंपनी कमर्शियल वाहनों के क्षेत्र में बड़ा ब्रांड है। कंपनी का फोकस आधुनिक तकनीक, बेहतर ईधन दक्षता और पर्यावरण-अनुकूल वाहन विकसित करने पर रहता है। फिलहाल पीथमपुर-धार में वीईसीवी का प्लांट कार्यरत है।
वॉल्वो आयशर का आना उज्जैन की बड़ी उपलब्धि
विक्रम उद्योगपुरी फेज-2 में वीई कमर्शियल व्हीकल्स जैसी वैश्विक कंपनी का निवेश उज्जैन के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनेंगे और विक्रम उद्योगपुरी क्षेत्र में ऑटोमोबाइल एवं सहायक उद्योगों के विकास को गति मिलेगी। एमपीआईडीसी द्वारा निवेशकों को बेहतर औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राजेश राठौड़, ईडी, एमपीआरडीसी









