कल आएंगे रेलवे जीएम, दौरे को लेकर तैयारियां जारी

रतलाम-नीमच-चित्तौडग़ढ़ सेक्शन और उज्जैन रेलवे स्टेशन का करेंगे निरीक्षण

उज्जैन। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार 17 मार्च को उज्जैन आएंगे। वह यहां रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए सोमवार को स्टेशन परिसर में जोरशोर से तैयारियां चलती रहीं और साफ-सफाई की व्यवस्था भी चाक-चौबंद नजर आई।
चीफ पब्लिक रिलेशनशिप इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (प्रभारी) प्रदीप कुमार मंगलवार को उज्जैन आएंगे। वह विशेष रूप से रतलाम-नीमच-चित्तौडग़ढ़ की डिबलिंग काम का निरीक्षण करने आ रहे हैं। इसके अलावा उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी करेंगे। हालांकि, उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी नहीं आया है।
संभवत: वह सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे कामों का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इधर, जीएम के दौरे को देखते हुए सोमवार को रेलवे स्टेशन पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद नजर आईं। जीआरपी के जवान सुरक्षा की दृष्टि से प्लेटफॉम्र्स पर तैनात रहे। इसके अलावा मरम्मत के काम और साफ-सफाई भी चलती रही।
टूट-फूट की मरम्मत
प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर टाइल्स में हो रही टूट-फूट की मरम्मत चलती रही। यहां मजदूर उस काम को करने में जुटे रहे ताकि दौरे से पहले इसे पूरा किया जाए सके। इसके अलावा स्टेशन पर सफाई व्यवस्था भी अच्छी नजर आई। प्लेटफॉर्म १ सहित ८ तक की बात करें तो प्लेटफॉर्म चकाचक नजर आए।









