किम कार्दशियन के पार्सल में करोड़ों की कोकीन बरामद, ड्राइवर को जेल

अमेरिकी सेलिब्रिटी किम कार्दशियन के मशहूर कपड़ों के ब्रांड स्किम्स का नाम एक बड़े ड्रग्स तस्करी मामले में सामने आया है। ब्रांड के अंडरवियर और कपड़ों से भरे एक ट्रक की आड़ में 8.4 मिलियन डॉलर कीमत की कोकीन ब्रिटेन में घुसाने की कोशिश की गई। इस मामले में पोलैंड के 40 साल के ट्रक ड्राइवर जैकब जैन कोंकेल को चेल्म्सफोर्ड क्राउन कोर्ट ने 13 साल और 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है।
हार्विच पोर्ट पर हुआ खुलासा
यह घटना 5 सितंबर 2025 की है। उत्तरी पोलैंड का रहने वाला जैकब हुक ऑफ हॉलैंड से फेरी के जरिए ब्रिटेन के एसेक्स स्थित हार्विच पोर्ट पहुंचा था। सीमा बल के अधिकारियों ने उसके भारी ट्रक को रोककर एक्स-रे स्कैनिंग की। स्कैनिंग में ट्रेलर की बनावट में कुछ गड़बड़ी नजर आई जिसके बाद गहराई से जांच शुरू हुई।
ट्रक को खास तरीके से किया गया था तैयार
नेशनल क्राइम एजेंसी के अधिकारियों ने पाया कि ट्रक को जानबूझकर इस तरह बदला गया था कि पीछे के ट्रेलर के दरवाजों में एक छुपा हुआ खाना बनाया गया था। उसी नकली डिब्बे में कोकीन के 90 पैकेट मिले जिनमें से हर पैकेट का वजन करीब 2 पाउंड था। कुल मिलाकर 198 पाउंड कोकीन बरामद हुई। जांच में यह भी पता चला कि जैकब ने यात्रा के दौरान रुककर यह माल खरीदा था और बड़ी चालाकी से छुपाया था।
स्किम्स ब्रांड का कोई लेना-देना नहीं
जांच में साफ हो गया कि माल भेजने वाले और मंगाने वाले दोनों इस तस्करी से बिल्कुल अनजान थे। ट्रक में लदे स्किम्स के 28 पैलेट पूरी तरह वैध थे। ब्रांड की तरफ से बयान जारी करके कहा गया कि उन्हें इस आपराधिक गतिविधि की कोई जानकारी नहीं थी और इस पूरे मामले से उनका कोई संबंध नहीं था।
पहले मुकरा फिर कबूल किया
शुरुआत में जैकब ने ड्रग्स के बारे में कुछ भी जानने से साफ इनकार किया लेकिन बाद में उसे मानना पड़ा कि 4,500 यूरो के बदले वह इस तस्करी में शामिल था। नेशनल क्राइम एजेंसी के अधिकारी पॉल ऑर्चर्ड ने बताया कि संगठित अपराध गिरोह अक्सर जैकब जैसे लोगों का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि ये लोग आसान निशाना होते हैं और इनके जरिए ड्रग्स को बिना ज्यादा शक उठाए सरहद पार कराई जा सकती है।









