‘छात्रों की गूंज’: उज्जैन से 400 गाडिय़ों और 20 बसों का काफिला पहुंचा था

उज्जैन। इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम में उज्जैन से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेने इंदौर पहुंचे। इन्हें ४०० फोर व्हीलर और २० बसों से ले जाया गया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व विद्यार्थियों की टीम देवास रोड स्थित रमैया रिसोर्ट से रवाना हुई।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. रवि राय ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में उज्जैन की मजबूत भागीदारी रही। शहर से 400 गाडिय़ों और 20 बसों के काफिले से छात्र एवं युवा शक्ति रवाना हुई।
रोजगार और पेपर लीक पर चर्चा
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। ग्राउंड पर हजारों युवाओं की भीड़ उमडी। समर्थक राहुल गांधी जिंदाबाद और घर-घर गांधी के नारे लगाते नजर आए। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की। युवतियां आपसे प्यार है, इसलिए इंदौर आए हैं लिखे पोस्टर लेकर पहुंचीं। कांग्रेस के अनुसार देश के इस 5वें छात्रों की गूंज कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। कार्यक्रम की व्यवस्था संभाल रहे वॉलंटियर्स को फ्री टी-शर्ट दी गई।









