क्यूआर स्कैन कर एटीव्हीएम से रेल टिकिट निकालना आसान

अक्षरविश्व न्यूज जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीव्हीएम) के माध्यम से टिकट निकालने की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सहज बनाया गया है। अब यात्री बिना किसी स्मार्ट कार्ड के, केवल मोबाइल (यूपीआई) भुगतान के माध्यम से स्वयं अपना टिकट निकाल सकते हैं।
एटीव्हीएम स्क्रीन पर उपलब्ध ‘अन्य स्टेशन’ विकल्प पर क्लिक करें। कीबोर्ड के माध्यम से स्टेशन का नाम टाइप करें एवं स्टेशन का चयन करें। यात्रा का विवरण भरें एवं भुगतान विकल्प पर क्लिक करें। स्क्रीन पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन कर यूपीआई के माध्यम से भुगतान करें। भुगतान पूर्ण होते ही मशीन से टिकट प्राप्त करें।
बिना किसी सहायता के स्वयं टिकट निकालें: रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि एटीव्हीएम मशीन पर कोई फैसिलिटेटर/ कर्मचारी तैनात हो, तब भी यात्री बिना उनकी सहायता के स्वयं अपना टिकट निकाल सकते हैं।
शिकायत के लिए व्यवस्था
यदि एटीव्हीएम मशीन से स्वयं टिकट बनाने के दौरान किसी यात्री को अनावश्यक रूप से रोका जाता है अथवा असुविधा होती है, तो यात्री इसकी शिकायत बुकिंग पर्यवेक्षक या उप स्टेशन प्रबंधक से कर सकते हैं। रेलवे द्वारा ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









