चोरी रोकने गए संघ पदाधिकारी पर जानलेवा हमला, गंभीर, चेन्नई रैफर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। देवास रोड स्थित पॉश कॉलोनी पाश्र्वनााि सिटी में पिछले दिनों बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। सूने मकान में चोरी की नीयत से घुसे आधा दर्जन बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश करने वाले आरएसएस पदाधिकारी अर्जुन सिंह पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में अर्जुन सिंह की आंख में गंभीर चोट आई है। इंदौर में प्रारंभिक सर्जरी के बाद, विशेषज्ञों की सलाह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई रैफर किया गया है।

घटना 18 फरवरी की रात करीब 2 बजे की है। ए-ब्लॉक स्थित मनोहर सिंह आंजना के सूने मकान में कुछ बदमाश घुसे थे। पड़ोसियों ने सतर्कता दिखाई और बदमाशों को ललकारा तो बदमाश भाग गए। करीब छह अज्ञात नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे। पास ही रहने वाले संघ पदाधिकारी अर्जुन सिंह ने बदमाशों को रोका तो बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से चेहरे पर वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि उनकी आंख बुरी तरह जख्मी हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्हें उज्जैन में इलाज के बाद इंदौर ले जाया गया। प्रारंभिक सर्जरी के बाद अब चेन्नई रैफर किया गया है।
एसपी से मिले रहवासी गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद कॉलोनी में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। रहवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को एसपी प्रदीप शर्मा से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की।








