निजी बैंक कर्मचारी ने जहर खाकर जान दी, सड़क किनारे मूर्छित मिला

उज्जैन। एक निजी बैंक के कर्मचारी ने मंगलवार को जहर खाकर जान दे दी। देर रात परिजनों ने उसे सड़क किनारे मूर्छित देखा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक बाढ़कुम्मैद निवासी आशीष पिता ताराचंद विश्वकर्मा (22) उज्जैन में एचडीएफसी बैंक के होमलोन डिपार्टमेंट में नौकरी करता है। आम तौर पर वो शाम 6-7 बजे तक घर लौट आता था।
मंगलवार को रात 10 बजे तक नहीं लौटा तो पिता ताराचंद अपने भाई दिनेश को साथ लेकर उसे तलाशने निकले। रास्ते में बाढ़कुम्मैद रोड पर आशीष की बाईक दिखाई दी। ताराचंद वहां रुके तो आशीष भी पास ही मूर्छित अवस्था में पड़ा मिला। उसे लेकर वे निजी अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान आशीष ने देर रात को दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों का कहना है आशीष के इस कदम से सभी चकित है। उसने घटना के पहले कभी भी किसी परेशानी के बारे में जिक्र नहीं किया। पंवासा पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया है।









