ताबड़तोड़ दबिश के बाद 100 लीटर अवैध शराब, 1255 किलो महुआ जब्त

सागर की धमक…उज्जैन में आबकारी और पुलिस सतर्क
18 से अधिक केस दर्ज कर 2 महिला सहित 12 तस्करों को पकड़ा
उज्जैन। सागर जिले में जहरीली शराब से 30 लोगों की मौत के बाद उज्जैन जिला आबकारी और पुलिस विभाग का अमला सतर्क हो गया है। दोनों विभागों ने अलग-अलग अभियान चलाकर 100 लीटर शराब, 1255 किलो महुआ बरामद कर 12 तस्करों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए 3 टीमें बनाई गई थीं। पहली टीम की प्रभारी उपनिरीक्षक आकांक्षा गढ़वाल ने सिकंदर खेड़ा, ग्राम जमालपुरा, लखेसरा एवं सिजावता, छापरीखेड़ा में दबिश दी। लखेसरा में धारासिंह के घर से 15 लीटर हाथ भट्टी की शराब जब्त की गई।
इसके अलावा 10 स्थानों पर भी दबिश दी गई। सिकंदरखेड़ा में ही आशाबाई के कब्जे से 1 लीटर हाथ भट्टी की शराब जब्त की गई। दो स्थानों से 600 किलो महुआ लहान व 20 लीटर हाथ भट्टी की लावारिस शराब जब्त हुई। दूसरी टीम के हिमांशु अग्रवाल ने घट्टिया में धापूबाई से ढाई लीटर शराब, 600 किलो महुआ लाहन व सुमित जायसवाल से 50 पाव देशी मंदिर जब्त की। तीसरी टीम के प्रभारी प्रतीक गुप्ता ने ग्राम लेकोड़ा में तीन स्थानों पर दबिश देकर 55 किलो महुआ लहान लावारिस हालत में जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने जिले में चलाया अभियान: इधर जिला पुलिस ने शहर व ग्रामीण थाना क्षेत्रों में शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस अफसरों ने बताया कि चिंतामन, महाकाल, भेरूगढ़, नीलगंगा थाना क्षेत्र में शराब तस्करों की धरपकड़ की गई, वहीं झारडा, उन्हेल, तराना, बिरलाग्राम, बडऩगर, राघवी व घट्टिया थाना क्षेत्र में शराब तस्करों को पकड़कर उनके कब्जे से अवैध शराब जब्त की गई है।









