नींद का झोंका आया, यूपी का युवक चलती ट्रेन से गिरा, मौत

उज्जैन। यूपी के एक युवक की सोमवार सुबह चलती ट्रेन से गिरने पर मौत हो गई। वो अपने भाई और साथियों के साथ सूरत जा रहा था। उज्जैन में पिंगलेश्वर के पास हादसा हुआ है। घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे की है। हमीरपुर उप्र निवासी 39 वर्षीय जगदीश पिता उदयभान अपने भाई अर्जुन और साथी गयाप्रसाद व जगतसिंह के साथ झांसी-बांद्रा ट्रेन से यात्रा कर रहा था।
जगदीश रविवार सुबह ट्रेन में सवार हुआ। वो जनरल कोच में गेट के पास बैठकर यात्रा कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 5बजे ट्रेन जब पिंगलेश्वर स्टेशन से गुजर रही थी तभी जगदीश कोअचानक नींद का झोंका आया और वो नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गया। साथ वालों ने ट्रेन रुकवाई और जगदीश का शव उज्जैन लाया गया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
सूरत में करता था नौकरी
जगदीश अपने भाई और साथियों के साथ सूरत की साड़ी फैक्ट्री में नौकरी करता है। वो करीब दो महीने पहले छुट्टी पर घर आया था और अब काम पर लौट रहा था।









