नीलगंगा से केटीएम शोरूम के बीच चौड़ीकरण मेें बाधक गैलरियां हटेंगी

नालियों की सफाई व सीवर लाइन में तेजी के निर्देश दिए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नीलगंगा चौराहे से लेकर केटीएम शोरूम तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण काम में बाधक बन रहे मकानों की गैलरियों को हटाने और मंदिरों के विस्थापन के निर्देश निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों को दिए हैं। आयुक्त रविवार दोपहर कामकाज देखने पहुंचे थे। उन्होंने चौड़ीकरण के तहत राइट ऑफ वे यानी सड़क की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों और अन्य निर्माणों को लेकर निर्देशित किया कि मंदिरों का नियमानुसार ससम्मान विस्थापन किया जाए। इसके साथ ही विद्युत लाइन (बिजली के तारों) में बाधा बन रहे मकानों के छज्जों को तुरंत हटवाएं। प्रभावित मकानों के विस्थापन की कार्रवाई भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
वैकल्पिक मार्ग शुरू करें, पेड़ शिफ्ट होंगे
आयुक्त ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के काम को भी गति दी जाए, ताकि एक ही मार्ग पर बार-बार खुदाई न करनी पड़े। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्देश दिए कि वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग को तुरंत चालू किया जाए। उन्होंने नानाखेड़ा चौराहे पर बन रही रिटेनिंग वॉल के निर्माण कार्य को तेज करने के लिए मौके से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने सड़क निर्माण की जद में आ रहे पेड़ों को बिना नुकसान पहुंचाए उचित रूप से दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए। उनके साथ नगर निगम के कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी, लक्ष्मण प्रसाद साहू, सहायक यंत्री मुकुल मेश्राम सहित निर्माण एजेंसी के ठेकेदार और कंसलटेंट भी थे।









