प्रगति का कारवां चलता रहेगा, विकास कार्यों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा- मुख्यमंत्री

By AV NEWS

देश के प्रथम स्वस्थ, स्वच्छ, हाईजेनिक फूड स्ट्रीट ‘प्रसादम’ का लोकार्पण…

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन देश के प्रथम स्वस्थ, स्वच्छ, हाईजेनिक फूड स्ट्रीट ‘प्रसादम’ का लोकार्पण महाकाल-महालोक परिसर में किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रगति का कारवां लगातार चलता रहेगा। विकास कार्यों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं रसायन व उर्वरक मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र को लेकर मध्य प्रदेश को धन की कमी नहीं आने दी जाएगी

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं केन्द्रीय मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया ने फूड स्ट्रीट प्रसादम का लोकार्पण किया। 175 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रसादम में 17 दुकानें रहेंगी। उज्जैन आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को श्रीअन्न मोटे अनाज से बने स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हो सकेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने 218.76 करोड़ के 187 कार्यों का रिमोट दबाकर भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

केन्द्रीय मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार डेवलपमेंट को स्वास्थ से जोड़ा है। स्वास्थ अच्छा रहे इसके लिये जहां अस्पतालों की आवश्यकता है, वहीं आम नागरिकों को स्वस्थ व स्वच्छ फूड मिले, इसकी भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश में और भी स्थानों पर फूड स्ट्रीट बनाये जाएंगे। आयुष्मान भारत अभियान के तहत प्रत्येक जिले में 100 करोड़ रुपये स्वास्थ के क्षेत्र में खर्च किये जाएंगे। कार्यक्रम को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ एवं परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल संबोधित किया।

मांस-मछली की 25 हजार दुकानों को हटाया

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से आयोजित की जाएगी। 25 दिन पूर्व उन्होंने खुले में बिकने वाले मांस एवं मछली की दुकानों को हटाने के निर्देश दिये थे।
प्रदेश में लगभग खुले में बिकने वाली मांस एवं मछली की ऐसी 25 हजार दुकानों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी उज्जैन भविष्य का ग्रीनविच है। हमने फिजिक्स एवं आईआईटी को जोड़कर रिसर्च कराने का कार्य किया है। उज्जैन से सम्बन्धित हुए बिना जीवन का सार नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकाल की कृपा से देशवासी बड़ी से बड़ी चुनौती से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने प्रसादम के निर्माण पर जिलेवासियों को बधाई दी।

ब्रोशर,वेब साइट,ऐप का शुभारम्भ

मुख्यमंत्री यादव ने प्रसादम में मालवा के स्थानीय चाय एवं व्यंजन का आनन्द लिया। प्रसादम का अवलोकन कर फूड हैंडलरों से संवाद किया। कन्या पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने जूस मशीन का अनावरण भी किया। रिमोट का बटन दबाकर हाईजेनिक फूड स्ट्रीट की वेब साइट का उद्घाटन किया। साथ ही हाईजेनिक एवं हेल्दी एएसपी ब्रोशर पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने मानसिक स्वास्थ पर केंद्रीत मनहित ऐप का भी शुभारम्भ किया। कार्यक्रम में आभार प्रदेश के लोक स्वास्थ एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने माना। कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा,महापौर मुकेश टटवाल,नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव, एसीएस स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, सचिव स्वास्थ्य डॉ.सुदाम खाड़े मौजूद थे।

Share This Article