बदमाशों की खैर नहीं, हिम्मत वायर देगा करंट का झटका

उज्जैन। बहन-बेटियों के साथ छेडख़ानी करने वाले बदमाशों की अब खैर नहीं है। महिलाओं के हाथ ऐसा उपकरण लगा है जिससे वे पलभर में बदमाश को धूल चटा देंगी। हिम्मत वायर ओजस्विनी यंत्र से महिलाएं अब बदमाशों को 200 वॉट के करंट का झटका देकर परास्त कर सकती हैं। राष्ट्रीय हिन्दू परिषद संस्थापक डा. प्रवीण तोगडिय़ा के नेतृत्व में शुरू हुए दो दिवसीय हिंदू महा सम्मेलन के समापन पर डा. तोगडिय़ा ने महिलाओं को ओजस्विनी यंत्र वितरित करते हुए बताया कि रिचार्जेबल ओजस्विनी यंत्र का बटन दबाते ही करंट जैसा झटका लगता हैं.

एक चार्ज में 200 लोगों तक को झटका दिया जा सकता है। डॉ. तोगडिय़ा ने स्पष्ट किया कि इस झटके से किसी की जान नहीं जाएगी, लेकिन अपराधी को सबक सिखाने और वहां से सुरक्षित निकलने के लिए यह पर्याप्त होगा। बुधवार को हिंदू महा सम्मेलन के समापन पर महिलाओं को छेड़छाड़ से बचाने के लिए एक ओजस्विनी यंत्र बांटे गए हैं। डा. तोगडिय़ा ने इस दौरान पूरे देश में एक लाख वेलनेस सेंटर खोलने का भी ऐलान किया।
एक लाख महिलाओं को बांटे जाएंगे यंत्र
डॉ. तोगडिय़ा ने बताया कि महिलाओं को छेड़छाड़ से बचाने के लिए तैयार किए गए ओजस्विनी नामक यंत्र उनकी मंशानुसार गुजरात के एक उद्योगपति ने बनाया गया है. यंत्र का नाम ओजस्विनी हिम्मत वायर रखा गया है, जिसकी लागत 800 रुपए है, लेकिन सम्मेलन में मात्र 600 रुपए में दिया जा रहा है, जिसे इच्छुक महिलाएं राष्ट्रीय हिन्दू परिषद की ओजस्वी संगठन से प्राप्त कर सकते है।
सेल्फ डिफेंस और वैलनेस सेंटर की योजना
डॉ. तोगडिय़ा के अनुसार, अब ओजस्विनी महिला टीम स्कूल और कॉलेजों में जाकर छात्राओं को सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) की ट्रेनिंग देगी। इसके साथ ही हिंदू समाज के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए देशभर में वैलनेस सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। इन केंद्रों से 10 हजार डॉक्टर जुड़ेंगे, जो समाज को बेहतर इलाज और स्वस्थ रहने के गुर सिखाएंगे।









