Popup Image
Advertisement

बैंक मैनेजर के यहां चोरी का खुलासा, इंदौर के मौसेरे भाई ने बेटे के साथ की थी वारदात

उज्जैन। सार्थक नगर में रहने वाले आईसीआईसीआई बैंक मैनेजर के मकान में हुई लाखों की चोरी की वारदात का नीलगंगा थाना पुलिस ने खुलासा किया है। इस बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि बैंक मैनेजर के मौसी का लड़का ही निकला। इंदौर से आए शातिर पिता-पुत्र ने सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5 लाख रुपए के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने इस मामले में चोरी की साजिश में शामिल आरोपी की पत्नी को भी सह-आरोपी बनाते हुए तीनों को जेल भेज दिया है।नीलगंगा पुलिस ने बताया कि 2 मई को सार्थक नगर निवासी बैंक मैनेजर विनय जैन के मकान में चोरी की वारदात हुई थी। जैन परिवार उस समय एक पारिवारिक कार्यक्रम में राजस्थान गया था। बदमाश घर में अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात व नगदी ले गए थे।
सीसीटीवी फुटेज और हेलमेट ने खोला राज

Advertisement

पुलिस ने सार्थक नगर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो बाइक सवार दो संदिग्ध नजर आए, जिनमें से बाइक चलाने वाले ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था और पीछे बैठे व्यक्ति ने हेलमेट लगा रखा था। पुलिस को उनकी गतिविधि संदेहास्पद लगी, जिसके बाद बाइक के नंबर और रूट को ट्रैक किया गया। तो बदमाशों का इंदौर आने-जाने के सुराग मिले।

पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर घेराबंदी कर इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र से हेमंत जैन और उसके बेटे आदित्य जैन को हिरासत में लिया। जब इनसे सख्ती से पूछताछ की गई, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस तब चौंक गई जब पता चला कि पकड़े गए आरोपी हेमंत और आदित्य, बैंक मैनेजर विनय जैन के करीबी रिश्तेदार हैं।

Advertisement

साजिश में पत्नी भी थी शामिल, सबको भेजा जेल: आरोपियों को पता था कि विनय जैन का परिवार कब राजस्थान जा रहा है और मकान कब तक सूना रहेगा। इसी का फायदा उठाकर पिता-पुत्र इंदौर से बाइक पर उज्जैन आए और चोरी कर फरार हो गए। मामले में हेमंत जैन की पत्नी को भी आरोपी बनाया है, उसे साजिश की पहले से जानकारी थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2.80 लाख का चोरी का माल बरामद कर लिया है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें