भारतीय क्रू वाले जहाज पर दूसरे दिन भी हमला, ओमान तट के पास बढ़ा तनाव; 3 भारतीयों की मौत

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को ओमान के तट के पास भारतीय नाविकों वाले एक और जहाज MT जलवीर पर हमला होने की खबर सामने आई है। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना ओमान के शिनास (Shinas) बंदरगाह के नजदीक हुई। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किसने किया और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी।
भारतीय दूतावास ने कहा- हालात पर नजर रख रहे हैं
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उसे ओमान के शिनास तट के पास एक जहाज से जुड़े हादसे की जानकारी मिली है। दूतावास स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है तथा हालात पर करीबी नजर रख रहा है।
बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार जहाज पर मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं और राहत एवं निकासी कार्य जारी है। जहाज पर लगभग 20 भारतीय नाविक सवार थे।
MT सेत्तेबेल्लो हमले में 3 भारतीयों की मौत की पुष्टि
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब एक दिन पहले ही तेल टैंकर MT सेत्तेबेल्लो पर हुए हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई थी। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की थी। विदेश मंत्रालय के अनुसार जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को बचा लिया गया था, जबकि तीन नाविक लापता थे, जिनके बाद में मृत होने की पुष्टि हुई।
केंद्रीय मंत्री Sarbananda Sonowal ने बताया कि मृत भारतीय नाविकों के शव बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान भी हो चुकी है।
इस सप्ताह भारतीय क्रू वाले जहाजों पर तीसरा हमला
MT जलवीर की घटना इस सप्ताह भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर तीसरा बड़ा हमला मानी जा रही है।
सोमवार को MT Marivex नामक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ था, जिसमें सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया था। इसके बाद बुधवार को MT सेत्तेबेल्लो पर हमला हुआ और अब गुरुवार को MT जलवीर आग की चपेट में आ गया है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान तट के आसपास समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह क्षेत्र दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है।
पिछले 24 घंटे के प्रमुख घटनाक्रम
जॉर्डन ने 5 ईरानी मिसाइलें मार गिराने का दावा किया
जॉर्डन की सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान से दागी गई पांच मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों के अनुसार किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
ईरान ने अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन गिराने का दावा किया
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक दक्षिणी ईरान के जाम क्षेत्र में एक अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि अमेरिका की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ओमान तट के पास एक और टैंकर में आग
MT जलवीर में लगी आग के बाद ओमान की स्थानीय एजेंसियां और समुद्री सुरक्षा इकाइयां राहत एवं जांच कार्य में जुटी हुई हैं। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने भी जहाज में इंजन रूम में आग लगने की सूचना मिलने की पुष्टि की है।
रूस ने अमेरिका और ईरान से संयम बरतने की अपील की
रूस ने दोनों देशों से सैन्य कार्रवाई रोककर कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया है। मॉस्को का कहना है कि बढ़ता संघर्ष पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है।
कतर ने ईरान भेजा प्रतिनिधिमंडल
क्षेत्रीय तनाव कम करने के प्रयासों के तहत कतर ने अपना एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान भेजा है। प्रतिनिधिमंडल अमेरिका-ईरान तनाव को कम करने और संवाद की संभावनाओं पर चर्चा करेगा।
समुद्री सुरक्षा पर बढ़ी चिंता
विशेषज्ञों का मानना है कि ओमान तट और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास लगातार हो रहे हमले वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। भारतीय नाविक बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों पर कार्यरत हैं, इसलिए भारत सरकार भी इन घटनाओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।
फिलहाल MT जलवीर से जुड़े हमले की जांच जारी है और हमले के पीछे जिम्मेदार पक्ष की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।









