रंगदारी मांगने और जानलेवा हमला करने वाले आरोपी गिरफ्त में आए, जेल भेजा

चाकू और डंडा जब्त, दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। माधवनगर क्षेत्र में रंगदारी मांगने, मारपीट कर जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को माधवनगर पुलिस ने गिरफ्त लेते हुए चाकू और डंडा भी जब्त किया। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और कई थानों के उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं।
माधवनगर पुलिस ने बताया कि 29मार्च को फरियादी विजय कौशल निवासी अशोकनगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया था कि वह एसएस हॉस्पिटल के सामने फल का ठेला लगाता है। 28 मार्च को रात करीब 11.30 बजे जब वह अपने साथी के साथ दुकान बंद कर घर जा रहा था तभी रास्ते में दो लोगों ने उसे रोका और ठेला लगाने के एवज में हर सप्ताह 5 हजार रुपए की रंगदारी मांगी। जब रुपए देने से इंकार किया तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ जमकर मारपीट की। जब उसका साथी बीच-बचाव करने पहुंचा तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर घायल हो गया। आरोपियों ने विजय कौशल की बाइक में भी तोडफ़ोड़ दी थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया था।
देसाईनगर में छिपे थे
बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे और मुखबिरों को भी काम पर लगा दिया। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि बदमाश देसाईनगर में छिपे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने बताई जगह पर दबिश देकर संजय पिता छगनलाल रेसवाल (33) निवासी ग्राम माधोपुर थाना पंवासा और रोहित पिता स्व. शिवलाल जाटव (26) निवासी आंबापुरा, देसाईनगर को धरदबोचा। उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा भी जब्त किया गया।
कई थानों में केस दर्ज
पूछताछ के दौरान सामने आया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।









