सीएम मोहन यादव अंगारेश्वर महादेव मंदिर में किया विशेष पूजन

उज्जैन। जन्मदिन के दूसरे दिन आज को सीएम डॉ. मोहन यादव श्री अंगारेश्वर मंदिर पहुंचे और पत्नी सीमा के साथ पंचामृत और गुलाल पूजन किया। पुजारी प. मनीष उपाध्याय के नेतृत्व में रोहित उपाध्याय सहित अन्य पुजारियों ने पूजन प्रक्रिया पूरी करवाई। सुबह ९.१५ बजे केसरिया धोती, सफेद कुर्ता और जैकेट पहनकर मंदिर पहुंचे डॉ. यादव करीब आधा घंटे तक गर्भगृह में रहे।

उनके साथ विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, भतीजे अभय यादव, मित्र डॉ. रवि सोलंकी ने भी पूजन में हिस्सा लिया। सीएम ने इस दौरान प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना की। पूजन उपरांत सीएम ने सिंहस्थ-2028के तहत शिप्रा तट पर बन रहे 29 किलोमीटर लंबे घाटों का मुआयना भी किया। उन्होंने अंगारेश्वर के सामने बन रहे मॉडल घाट का काम देखा।
कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने सीएम को घाट निर्माण, पुल निर्माण की जानकारी दी। संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता और एसपी प्रदीप शर्मा भी इस मौके पर उपस्थित थे। पुजारी प. मनीष उपाध्याय ने बताया कि गुलाल पूजा मनोकामना पूरी करने के लिए की जाती है। यह पूजन कुंडली में मंगल की अनुकूलता बनाए रखने और बल देने के लिए किया जाता है।









