कॉर्मल स्कूल बस ने मारी टक्कर, तीन घायल

उज्जैन। घट्टिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार सुबह जगोटी फंटा पर कार्मल कान्वेंट की स्कूल बस और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय बस बच्चों से भरी हुई थी। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई, लेकिन गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, उज्जैन के मोहननगर निवासी कैलाश सिंह अपनी पत्नी सीमा बाई और छोटे भाई मांगीलाल के साथ बाइक से आगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जगोटी फंटे के समीप सामने से आ रही स्कूल की बस से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के अगले हिस्से के नीचे जा फंसी।
पुलिसकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मी दीपक यादव ने साहस का परिचय देते हुए रेस्क्यू शुरू किया। उन्होंने बस के नीचे फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल रवाना किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सबसे पहले घट्टिया के शासकीय अस्पताल ले जाया गया था। वहां उनकी गंभीर हालत और अंदरूनी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय उज्जैन रेफर कर दिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े ………….
ट्रक ने कार को मारी टक्कर
उज्जैन। पंवासा क्षेत्र के पांड्याखेड़ी चौराहे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने कार को टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पंवासा पुलिस ने बताया घटना शाम करीब 7.25 बजे की है। पांड्याखेड़ी चौराहे पर ट्रक क्र. एमपी 09 एचजी 9859 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए खिलेश पिता स्व. ललित कुमार नारायणे (27) निवासी लोटस ग्रीन कॉलोनी, मक्सी रोड की कार को टक्कर मार दी जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने केस दर्ज किया।









