नीट: अर्धसैनिक बल पहुंचाएंगे पेपर

नई दिल्ली, एजेंसी। नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार किया है। सरकार ने प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट की सुरक्षा के मद्देनजर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की तैनाती का फैसला किया है। सीआरपीएफ और सीआईएसएफ को प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट जैसी गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी 21 जून को देशभर में पुनर्परीक्षा आयोजित करेगी। सूत्रों ने कहा, परीक्षा सामग्री अहमदाबाद और हैदराबाद से लगभग 551 हब शहरों तक बहुस्तरीय ‘हब एंड स्पोक’ नेटवर्क के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। इस दौरान हवाई और सड़क दोनों मार्गों का उपयोग किया जाएगा।
सरकार ने सीआरपीएफ और सीआईएसएफ मुख्यालयों में नोडल अधिकारियों तथा राज्यों में सिंगल प्वाइंट ऑफ कॉन्टेक्ट नियुक्ख्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि डाक विभाग और एनटीए के साथ बेहतर समन्वय हो। प्रश्नपत्रों के परिवहन और वितरण के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती 19 जून तक रहेगी, जबकि 21 जून को परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीटों और अन्य सामग्री की सुरक्षित वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी। गौरतलब है कि नीट के पेपर लीक होने की वजह से दोबारा परीक्षा करवाई जा रही है।
पूरी प्रक्रिया के दौरान दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
संपूर्ण प्रक्रिया के लिए दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत केंद्रीय बलों के जवान हवाई अड्डों, हेलीपैड और विभिन्न लॉजिस्टिक हबों पर तैनात रहेंगे। सीआरपीएफ, सीआईएसएफ के कर्मी विमानों और हेलिकॉप्टरों में परीक्षा सामग्री के साथ यात्रा करेंगे।
भर्ती परीक्षा के लिए रेलवे अपना तंत्र बनाएगा
नीट पेपर लीक मामले को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भर्ती परीक्षा के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसियों पर निर्भरता समाप्त करने जा रहे हैं। अब रेलवे का अपना खुद का परीक्षा तंत्र स्थापित करेगा।









