प्रेमिका व दोस्त की साजिश में फंसकर दी थी युवक ने जान

पानी में डूबे मोबाइल से पुलिस ने निकाला सुसाइड नोट

उज्जैन। 33 महीने पहले 2 अगस्त 2023 को शिप्रा नदी में कूदकर जान देने वाला यश पिता श्याम सिसौदिया निवासी जवाहर नगर ने अपनी प्रेमिका और उसके दोस्त की साजिश से तंग आ गया था।
यह खुलासा यश के सुसाइड नोट से हुआ है जो कि उसके मोबाइल में था। यश उसे मरने के पहले सोशल मीडिया पर अपलोड करना चाहता था, लेकिन तकनीकी कारणों से ऐसा नहीं हो सका। मोबाइल भी यश के साथ पानी में डूब गया था लेकिन साइबर सेल की टीम ने मोबाइल चालू कर सुसाइड नोट निकाल लिया और पूरा मामला सामने आ गया। मामले में जीवाजीगंज पुलिस ने प्रेमिका और उसके दोस्त सौरभ सूर्यवंशी निवासी वेदनगर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। महाकाल थाना क्षेत्र में हुए एक जानलेवा हमले के मामले में सौरभ फिलहाल जेल में बंद है। वहीं, घटना के वक्त नाबालिग रही और अब बालिग हो चुकी यश की प्रेमिका को पुलिस ने कस्टडी में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग में त्रिकोणीय एंगल
साइबर रिपोर्ट के अनुसार, यश ने अपने सुसाइड नोट में प्रेमिका और सौरभ के नामों का उल्लेख करते हुए लिखा कि ये दोनों उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं और उससे रुपयों की मांग कर रहे हैं, जिससे तंग आकर वह अपनी जान दे रहा है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि यश और युवती से प्रेम प्रसंग के बीच बीच सौरभ आ गया। बाद में युवती और सौरभ ने मिलकर यश को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और मोटी रकम की मांग की।
थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा के मुताबिक साइबर विभाग से मिली जांच रिपोर्ट, मोबाइल में मिले सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी सौरभ और युवती के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 34 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार यश 2 अगस्त 2023 को लापता हो गया था। गुमशुदगी नीलगंगा थाने में दर्ज की गई थी। दो दिन बाद यश का शव क्षिप्रा नदी के बड़े पुल के पास सुनहरी घाट से बरामद हुआ था।









