महिला क्रिकेट टीम महाकाल की शरण में

नंदी हॉल में बैठकर बाबा को निहारा…
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाडिय़ों ने मत्था टेका। हाल ही में विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर सहित अन्य खिलाडिय़ों और सपोर्ट स्टाफ ने तड़के होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य तड़के करीब 3 बजे ही मंदिर परिसर पहुंच गए और भस्म आरती में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक चली आरती का खिलाडिय़ों ने नंदी हॉल और कार्तिकेय मंडपम से लाभ लिया। आरती के बाद मुख्य कोच अमोल मुजुमदार और कप्तान हरमनप्रीत कौर की मौजूदगी में सभी खिलाडिय़ों ने नंदी हॉल में विशेष पूजन-अभिषेक किया। परंपरा के अनुसार, खिलाडिय़ों ने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को शासकीय पुजारी के माध्यम से जल अर्पित कर मंगल आशीष प्राप्त किया।
महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाने वालों में कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मुख्य कोच अमोल मुजुमदार, प्रवीण शर्मा, अरुंधति, शेर सिंह, अनिरुद्ध, भारती, साल्वी, श्रेयंका, रेणुका, राखी, धनंजय, नंदिनी, सचिन, पूर्वा, यस्तिका, शैफाली, दीप्ति, ममता, राधा, क्रांति, रुचा, मुनीश, नल्लापु और गोल्लाने सहित टीम के अन्य खिलाड़ी व सहयोगी स्टाफ मौजूद रहा। दर्शन और पूजन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से खिलाडिय़ों का स्वागत किया गया।









