मां शिप्रा मोक्ष देने वाली, नदियां धमनियों की तरह : सीएम

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां शिप्रा मोक्ष देने वाली नदी है। नदियां धमनियों की तरह हैं। प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए की लागत से 230 विधानसभा क्षेत्रों में जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश नदी जोड़ो अभियान में भी आगे बढ़ रहा है। सीएम मंगलवार शाम रामघाट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। दो दिनी यात्रा शाम 5 बजे रामघाट पर पूरी हुई।
हजारों यात्रियों ने मां शिप्रा का पूजन किया। इस दौरान सीएम ने 300 फीट लंबी चुनरी मां शिप्रा को चढ़ाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से यहां चर्चा में कहा कि हम सबका सौभाग्य है कि इस बार गंगा दशहरा पर्व बहुत अद्भुत रूप में मन रहा है। नेवी का बैंड मुंबई से आया है। दो दिन की परिक्रमा पूर्ण हुई है। मेरी तरफ से प्रदेश वासियों को बधाई। हमने मां शिप्रा की पूजा कर प्रार्थना की है कि आपका आशीर्वाद उज्जैन और प्रदेश पर बना रहे।
सीएम मोहन यादव को गोल्ड और सिल्वर अवॉर्ड
विक्रमोत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव को सम्मानित किया गया। उन्हें ‘कल्चरल लाइव इवेंट ऑफ द ईयर – गोल्ड अवॉर्ड’ और ‘बेस्ट गवर्नमेंट इंटीग्रेशन फॉर ए लाइव इवेंट -सिल्वर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
नेवी के बैंड ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम स्थल पर नेवी के बैंड ने प्रस्तुति दी। मुंबई के केशवम बैंड ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इनकी जुगलबंदी को सुनने के लिए हजारों लोग मौजूद थे। बैंड प्रस्तुति के बाद बिहार की विधायक एवं लोक गायिका मैथिली ठाकुर के भजनों की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा।
रामघाट पर मैथिली ठाकुर के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रामघाट पर प्रसिद्ध भजन गायिका मैथिली ठाकुर एवं उनके समूह ने राम भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रामा रामा रटते रटते बीते रे उमरिया, मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे, राम आएंगे और केवट ने कहा रघुराई से उतराई न लूंगा रे भगवान जैसे भजनों पर श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए। ठाकुर ने एक से बढ़कर गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने गोविंद गंधे की पुस्तक का विमोचन किया और शासन की योजनाओं पर आधारित गीत लॉन्च किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, संत-महंत एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।









