लाइब्रेरी खोलने की मांग, तिरंगा लिए पानी की टंकी पर चढ़ा

रतलाम। रतलाम जिले के जावरा में सरकारी लाइब्रेरी खोलने की मांग को लेकर एक युवक ने अनोखा प्रदर्शन किया। युवक विजय दग्दी हाथों में तिरंगा लेकर इकबाल गंज स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहीं से लाइब्रेरी खोलने की मांग करने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

करीब दो घंटे तक समझाइश दी गई और लाइब्रेरी खोलने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद युवक टंकी से नीचे उतर आया। युवक ने बताया कि जावरा नगर पालिका क्षेत्र में पहले दो सरकारी लाइब्रेरी संचालित होती थीं, लेकिन वर्तमान में एक भी नहीं है। इस समस्या को लेकर वह पहले भी अधिकारियों को अवगत करा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
विजय दग्दी के अनुसार, जावरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को पढ़ाई के लिए लाइब्रेरी नहीं मिल रही है। खासकर गरीब वर्ग के छात्रों के लिए प्राइवेट लाइब्रेरी में पढऩा मुश्किल होता है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
युवक ने बताया कि अधिकारियों ने एक माह के भीतर लाइब्रेरी शुरू करने का आश्वासन दिया है। वहीं जावरा नगर पालिका के सीएमओ चंद्रशेखर सोनिश ने कहा कि एक-दो दिन में लाइब्रेरी खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।