सोमवती अमावस्या कल, रामघाट पर एक दिन पहले ही उमड़े श्रद्धालु

सोम कुंड पर कल होगा स्नान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कल सोमवार को सोमवती अमावस्या मनाई जाएगी। इसके साथ ही अधिकमास भी समाप्त हो जाएगा। अमावस्या का स्नान मुख्य रूप से रामघाट और सोमवती कुंड पर होगा। हालांकि तिथियों के मान से रविवार दोपहर से अमावस्या शुरू हो गई इस कारण रामघाट पर दोपहर से ही हजारों लोग स्नान करने पहुंच गए।
विधिवत रूप से सोमवार सुबह से ही सोमवती अमावस्या का स्नान प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए रणजीत हनुमान मंदिर के सामने स्थित सोम कुंड मेें स्नान होगा। रविवार को दिनभर प्रशासनिक अमला सोमवती कुंड में बेरिकेडिंग और अन्य व्यवस्था बनाने में जुटा रहा। कुंड को बोरिंग के पानी से भरा जा रहा है। आसपास साफ-सफाई के साथ टेंट लगाकर छाया की व्यवस्था भी की गई। नगर निगम के अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह ने बताया कि रामघाट और सोमकुंड पर जरूरी सुविधाएं जुटा दी गई हैं।
रामघाट पर फोकस अधिक
रामानुजकोट से रामघाट का मुख्य मार्ग चौड़ीकरण के कारण बंद है। ऐसे में श्रद्धालुओं को शहनाई गार्डन के सामने से दानी गेट से होते हुए रामघाट तक पहुंचना होगा। यहीं पर छोटी पुलिया निर्माण चल रहा है। ऐसे में सोम कुंड तक पहुंचने के लिए बड़े पुल से होकर जाना होगा।
सोम कुंड व रामघाट पर यह व्यवस्था बनाई
स्नान के लिए फव्वारे
महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम
छाया के लिए टेंट-शामियान
चलित शौचालय, लाइटिंग
घाटों पर लगातार सफाई और पेयजल।
पुलिस और सुरक्षा जवान तैनात।









