10 दिन में 10 लाख के मुनाफे का झांसा देकर 35 लाख का धोखा

न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. खत्री के साथ हुई घटना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। प्रतिष्ठित न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रूपेश खत्री के साथ प्रॉपर्टी निवेश के नाम पर 35 लाख रुपए की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महज 10 दिन में 10 लाख रुपए का लाभ दिलाने का झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। संत कबीरनगर निवासी डॉ. रूपेश खत्री ने पुलिस को बताया कि साल 2023 में कमलेश कोचर नामक व्यक्ति ने उन्हें मित्रनगर स्थित एक 1500 स्क्वेयर फीट के मकान में निवेश का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि यदि वे इस मकान पर 35 लाख रुपए खर्च करते हैं, तो वह महज 10 दिन के भीतर उन्हें 10 लाख रुपए का मुनाफा दिलवा देगा।
खुद के नाम कराई रजिस्ट्री चेक भी हुए बाउंस
धोखाधड़ी की परतें तब खुलीं जब आरोपी ने डॉ. खत्री से पैसे लेने के बाद न तो कोई मुनाफा दिलाया और न ही मकान उनके नाम किया। उल्टा आरोपी ने उस मकान की रजिस्ट्री खुद के नाम करा ली। जब डॉक्टर ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने 10-10 लाख रुपए के दो चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। डॉ. खत्री ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 20 लाख रुपए हरि फाटक पर और शेष 15 लाख रुपए अपने घर से आरोपी को दिए थे। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील के अनुसार, आरोपी कमलेश कोचर के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश जारी है।









