इश्क, बदला और खून, पत्नी ने करवाई हत्या

हिस्ट्रीशीटर नवीन पाटीदार की इंदौर में हुई हत्या का खुलासा, राहुल मराठा से मिलकर 70 हजार की सुपारी दी

उज्जैन। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में उज्जैन के हिस्ट्रीशीटर बदमाश नवीन पाटीदार की हत्या का खुलासा हो गया है। उसकी पत्नी भारती और दोस्त राहुल मराठा ने सुपारी देकर हत्या करवाई थी। पत्नी राहुल से प्रेम करती है और राहुल नवीन से बदला लेना चाहता था। इस कारण दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
उज्जैन के माधवनगर थाना क्षेत्र के अंजलि नगर निवासी मृतक नवीन पाटीदार पिछले कुछ बरसों से राऊ के पास रह रहा था, 12 अप्रैल की शाम को सुपारी किलर्स ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, aपुलिस जांच के अनुसार वारदात 12 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे नवीन पाटीदार शराब पीने के लिए बाहर निकला था, तभी हमलावरों ने उसकी रेकी कर घेराबंदी की। आरोपी श्रीराम ने नवीन के सिर के पीछे से सटाकर देशी पिस्टल से गोली मारी। गोली सीधे गर्दन में जा धंसी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरोपियों ने हत्या को हादसा बताने की कोशिश की जिसमें वे असफल रहे।
70 हजार में तय हुआ था मौत का सौदा
इंदौर डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने मीडिया को बताया कि हत्याकांड के लिए 70 हजार रुपए की सुपारी दी गई थी। जांच में सामने आया कि नवीन की पत्नी भारती पाटीदार और उसके प्रेमी राहुल उइके उर्फ राहुल मराठा ने नवीन को रास्ते से हटाने के लिए उज्जैन के मुकेश कुमावत से संपर्क किया था। मुकेश ने अपने साथी देवास के श्रीराम और अजय के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी से हमलावरों की बाइक का सुराग मिला। इस बाइक को सीसीटीवी के जरिए फॉलो किया तो आरोपियों के नाम, पते आदि की जानकारी लगी। पुलिस ने पत्नी भारती पाटीदार, मुकेश कुमावत, श्रीराम और अजय को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या की वजह : अफेयर और पुरानी रंजिश
त्रिकोणीय प्रेम संबंध भारती और राहुल के बीच अवैध संबंध थे, जिसमें नवीन बाधक बन रहा था।
मुखबिरी का बदला
साल 2023 में नवीन और राहुल ने मिलकर उज्जैन में होमगार्ड के बेटे की हत्या की थी। बाद में नवीन ने मुखबिर बनकर राहुल को जेल भिजवा दिया था, जिससे राहुल उसके खून का प्यासा हो गया था।
जमानत पर आते ही जाल बुना- राहुल हाल ही में जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने भारती के साथ मिलकर नवीन की हत्या का जाल बुना।









