2 माह की ट्रेनिंग के बाद मिलेगी नौकरी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अगर आप युवा हैं और नौकरी की तलाश में हैं तो यह खबर आपके काम की है। बस दो महीने की ट्रेनिंग आपको नौकरी दिला सकती है। बशर्तें आपने उत्कर्ष पोर्टल पर अपना पंजीयन कराया हो। सोमवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने प्रशासनिक संकुल भवन में जिला कौशल समिति की बैठक ली।

इसमें बताया कि UtkarshUjjain.com पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर ट्रेनिंग लेनी होगी। 10वीं-12वीं पास आवेदक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। 2 माह के प्रशिक्षण और मूल्यांकन के उपरांत 12 वीं पास को सोलर इंडस्ट्रीज और 10 वीं पास को गारमेंट इंडस्ट्री में रोजगार मिलेगा। कलेक्टर ने आईटीआई में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत आर्टिफिशल इंटेलिजनेस(एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन, 3 डी प्रिंटिंग और वेब 3.0 जैसी आधुनिक तकनीकों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।









