सावन के 26 दिन : बाबा के खजाने में शीघ्र दर्शन से आए 13 करोड़ रुपए

26 दिन में दर्शनार्थी ले गए 9 करोड़ से अधिक का लड्डू प्रसाद
उज्जैन। सावन के 26 दिन में बाबा के भक्तों ने सिर्फ शीघ्र दर्शन से ही खजाने में 13 करोड़ रुपए से अधिक पहुंचा दिए। यह अभी तक का रिकार्ड है। इसके पहले सावन में कभी भी इतनी कमाई शीघ्र दर्शन से नहीं हुई है। लड्डू प्रसादी से भी मंदिर समिति को ९ करोड़ 45 लाख रुपए मिले हैं।
चौथे सोमवार को काफी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हुआ है। तभी से दर्शनार्थियों की खासी भीड़ मंदिर पहुंच रही है। सावन माह के 26 दिन यानी 24 अगस्त तक 5 लाख 26 हजार 588 दर्शनार्थियों ने शीघ्र दर्शन से 250 रुपए चुकाकर भगवान महाकाल के दर्शन किए हैं। इससे मंदिर समिति को 13 करोड़ 22 लाख 97 हजार रुपए की आय हुई है। इसी तरह लड्डू प्रसाद भी इन 26 दिनों में 2004 क्विंटल बिका है। जिससे मंदिर समिति के खाते में 9 करोड़ 45 लाख 62 हजार रुपए आए हैं।
रिकॉर्ड बन रहा है इस सावन
सावन के आंकड़ें पिछले रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। जैसे नागपंचमी पर दर्शन, सवारी में आ रहे करीब 8 लाख दर्शनार्थी, सावन के रविवार व सोमवार को आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या, लड्डू प्रसादी की बिक्री सभी के आंकडं़े पिछले बरसों की तुलना में काफी अधिक हैं और रिकॉर्ड बना रहे हैं। मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिय़ा ने बताया कि दर्शनार्थियों की सुविधा और सुलभ दर्शन के लिए मंदिर समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। दर्शनार्थियों के आने की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।









