‘लव जिहाद’ के 6 महीने में 29 मामले

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। साल 2025, उज्जैन में हुए विकास कार्यों के नाम रहा, जैसे सड़कों की तोडफ़ोड़ के नाम रहा, ठीक उसी तरह यह साल लव जिहाद से जुड़े मामलों के लिए भी जाना जाएगा।

संभवत: पूरे देश में सबसे ज्यादा लव जिहाद से मिलते-जुलते मामले उज्जैन में सामने आए हैं। जुलाई से दिसंबर के बीच शहर में ऐसे 29 मामले सामने आए है जिनमें से किसी में पुलिस ने छेड़छाड़, किसी में दुष्कर्म, किसी में धोखाधड़ी तो किसी में शांति भंग जैसे आरोपों में गिरफ्तारी की है। किसी एक धर्म वाले व्यक्ति विशेष द्वारा दूसरे धर्म से जुड़ी बालिकाओं, महिलाओं को बरगलाना, उनका दैहिक शोषण करना और इसके बाद उन्हें धोखा दे देना, इस तरह के बढ़ते मामलों के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हिंदू जागरण मंच द्वारा लगातार मुहिम चलाकर ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करवाई जा रही है। संगठन के स्तर पर तालमेल ऐसा है कि अब तो यदि विश्व हिंदू परिषद या बजरंग दल जैसे संगठन की भी जानकारी में लव जिहाद जैसा कोई मामला सामने आता है तो उसकी जानकारी हिंदू जागरण मंच को सौंप दी जाती है।
बंगाल का असगर, इंदौर में काम और टारगेट उज्जैन में
सोमवार शाम हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने बियाबानी क्षेत्र से एक युवक को दबोचा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह युवक लगातार एक घंटे से चौराहे के आसपास चक्कर लगा रहा था, फिर साड़ी पहनी युवती उससे मिलने पहुंची। दोनों काफी देर बातचीत करते रहे और इसके बाद युवक ने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। युवती वहां से रवाना हो गई लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने इस युवक को पकड़कर बैठा लिया और पुलिस व हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को सूचना दे दी।
पूछताछ में पता चला कि युवक का नाम असगर पिता रहीम सरकार है। वह पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का रहने वाला है और इंदौर में मोरसली गली में किराए के मकान में रहता है। वह गहने बनाने वाले एक कारखाने में काम करता है। उसके पास से मिले बैग से कई आपत्तिजनक सामग्री मिली है। इंस्टाग्राम पर असगर सरकार के नौ अकाउंट थे, उसके मोबाइल से कई सारी महिलाओं के फोटोग्राफ्स मिले हैं।









