Popup Image

मंगल कलश यात्रा में छाया आध्यात्मिक उल्लास, कला रंग में सराबोर हुई अवंतिका

आयोजन : 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के पूर्वरंग में घट स्थापना

Advertisement

33 दलों की सहभागिता ने यात्रा को बनाया आकर्षक और भव्य

डॉ. जफर महमूद उज्जैन। देवप्रबोधिनी एकादशी से प्रारंभ होने जा रहे 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह के पूर्वरंग में शुक्रवार को धर्म, संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं का अनुपम संगम दिखा। महाकवि कालिदास की साहित्य साधना और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को समर्पित समारोह के शुभारंभ की कामना के साथ कालिदास अकादमी परिसर में मंगल कलश की घट स्थापना की गई। इसके पूर्व निकली कलश यात्रा ने अवंतिका नगरी को आध्यात्मिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से अभिसिंचित कर दिया। समारोह का उद्घाटन शनिवार शाम 6 बजे केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत और सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे।

Advertisement

प्रात: 7 बजे पवित्र शिप्रा नदी के जल से मंगल कलश को अभिमंत्रित किया गया। शिप्रा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश का पूजन-अर्चन पंडित महेंद्र शर्मा ने कराया। मंगल कलश को मां हरसिद्धि मंदिर, बड़े गणेश मंदिर और भूतभावन भगवान महाकाल के चांदी द्वार से दर्शन कराए गए। प्रमुख देवस्थानों की मंगलमयी परिक्रमा समारोह के निर्विघ्न और सफल आयोजन की सामूहिक प्रार्थना बन गई।

पूजन में कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक डॉ. गोविंद गंधे, केंद्रीय कालिदास समिति के सदस्य रूप पमनानी, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज तथा कालिदास समिति के सचिव प्रो. शैलेंद्र शर्मा उपस्थित थे। घंटाघर चौराहे से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में निगम सभापति कलावती यादव विशेष रूप से शामिल हुईं।

Advertisement

राह में सजी रंगोली, मार्च पास्ट से अनुशासन का संदेश

टॉवर चौक से शहीद पार्क, इंदिरा गांधी चौराहा, तीन बत्ती चौराहा होते हुए यात्रा कालिदास अकादमी पहुंची। यात्रा मार्ग पर रंगोली दलों ने आकर्षक रंगोलियां सजाकर उत्सव को मनोहारी बना दिया। 33 सांस्कृतिक दलों की सहभागिता ने यात्रा को बहुरंगी स्वरूप दिया। स्काउट और रासेयो स्वयंसेवकों ने मार्च पास्ट ने अनुशासन और सेवा भावना का परिचय दिया। कर्णप्रिय धुनों के साथ घोष पथक और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों ने उत्सवधर्मिता का संचार किया।

कृष्ण वर्मा के मालवा लोक कला केंद्र के माच कलाकारों ने पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। गिरधारीलाल गहलोत के दर्शन लोक कला मंडल ने मयूर, घोड़ा और छतरी से लोकजीवन के रंग बिखेरे। लोकमान्य तिलक के सोमेश शर्मा और सीमा राजोरिया के नेतृत्व में घोष दल एवं लाजिम दल ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। दिव्य शक्ति पारंपरिक कला केंद्र की बालिकाओं ने रजनी नरवरिया और मीनाक्षी चौधरी के नेतृत्व में लाठी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। शंखनाद, शहनाई, ढोल और ताशों की गूंज ने यात्रा को लोक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

श्लोक से गूंजी अकादमी
मंगल कलश के अकादमी परिसर में पहुंचते से ही श्लोकों और वैदिक ऋचाओं की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक चेतना से भर उठा। विधिवत घट स्थापना के साथ समारोह के पूर्वरंग को मंगलमय आरंभ मिला।
नृत्य,यक्षगान और वाद्यवृंद से सजेगी समारोह की नांदी: शुक्रवार शाम प. सूर्यनारायण व्यास संकुल में नांदी में नृत्य,यक्षगान और वाद्यवृंद की प्रस्तुति होगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें