Popup Image

महाकाल की नगरी का इतिहास हजारों साल पुराना लेकिन विश्व धरोहर की सूची में नाम तक भी नहीं!

प्राचीन अवंतिका की पुरातात्विक विरासत को वैश्विक पहचान का इंतजार

Advertisement

कानीपुरा की वैश्य टेकरी को सूची में शामिल करने की उठी मांग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एक ओर दुनिया भर में महाकाल की नगरी उज्जैन की पहचान आध्यात्मिक राजधानी के रूप में है, दूसरी ओर ऐतिहासिक और पुरातात्विक वैभव के मामले में भी यह नगरी किसी से कम नहीं है। बावजूद इसके विश्व धरोहर की सूची में उज्जैन का एक भी स्मारक या स्थल शामिल नहीं है। विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत 19 नवंबर से हो गई है। 25 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह में देशभर में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और उनके महत्व को लेकर गतिविधियां होंगी, वहीं उज्जैन एक बार फिर अपनी वैश्विक पहचान के इंतजार में खड़ा नजर आएगा।

Advertisement

महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, मोक्षदायिनी शिप्रा, कालभैरव की अनूठी आराधना परंपरा और प्राचीन अवंतिका की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत उज्जैन को विशिष्ट बनाती है। यहां का इतिहास केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राचीन सभ्यता, बौद्ध संस्कृति, मूर्तिकला, मंदिर स्थापत्य और विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों के पुरातात्विक प्रमाण भी इसकी समृद्धि की कहानी कहते हैं। इसके बावजूद इन धरोहरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह पहचान नहीं मिल सकी, जिसकी वे हकदार हैं।

कानीपुरा की वैश्य टेकरी बने वैश्विक पहचान का आधार: अब पुरातत्वविदों ने इस दिशा में शासन का ध्यान आकर्षित किया है। उनकी मांग है कि कानीपुरा रोड स्थित प्राचीन वैश्य टेकरी को विश्व धरोहर की सूची में शामिल कराने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं। उनका मानना है कि यह स्थल उज्जैन की प्राचीन बौद्ध परंपरा और ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रमाण है। इसके पुरातात्विक महत्व का विस्तृत अध्ययन, वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और संरक्षण कर इसे वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में पहल की जा सकती है।

Advertisement

पुरातत्वविद् डॉ. रमणसिंह सोलंकी के अनुसार, उज्जैन का इतिहास अत्यंत व्यापक और बहुआयामी है। यहां विभिन्न कालखंडों की सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत मौजूद है। कानीपुरा रोड स्थित प्राचीन वैश्य टेकरी को विशेष महत्व देते हुए शासन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास करना चाहिए। उज्जैन की धरोहरों को केवल स्थानीय या धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनके ऐतिहासिक महत्व को सामने लाकर विश्व पटल पर स्थापित करने की आवश्यकता है।

सिर्फ महाकाल की नगरी नहीं, इतिहास का जीवंत दस्तावेज है उज्जैन

उज्जैन की पहचान केवल महाकाल मंदिर तक सीमित नहीं है। शिप्रा के घाट, प्राचीन मंदिर, पुरातात्विक अवशेष, मूर्तिकला और ऐतिहासिक स्थल इस नगरी के गौरवशाली अतीत के साक्षी हैं। ऐसे में विश्व धरोहर सप्ताह उज्जैन के लिए आत्ममंथन का अवसर भी है। जरूरत इस बात की है कि शहर की महत्वपूर्ण धरोहरों को चिह्नित कर उनके संरक्षण, शोध और वैश्विक मान्यता के लिए व्यवस्थित अभियान चलाया जाए। आखिर हजारों वर्षों की सभ्यता और संस्कृति को संजोए अवंतिका को विश्व धरोहर के मानचित्र पर जगह कब मिलेगी?

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें