चमोली टनल हादसे में 7 मौतें, 3 फंसे

उत्तराखंड: गुरुवार रात से ढूंढ रही रेस्क्यू टीमें, सीएम धामी भी टनल पहुंचे
चमोली, एजेंसी। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में गुरुवार शाम 7 बजे निर्माणाधीन टनल में हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। टनल में कुल 24 लोग फंसे थे, जिनमें से 14 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 3 लोग अभी भी टनल में फंसे हैं। बाहर निकाले गए 14 लोगों में 13 का इलाज गोपेश्वर के जिला अस्पताल में चल रहा है। एक गंभीर घायल को श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर किया गया है। टनल के अंदर पानी और मलबा आने से रेस्क्यू में दिक्कत हो रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और प्रशासन की टीमें लगातार बचाव में जुटी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। इसके बाद वे गोपेश्वर जिला अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की।
यूपी: 16 जिलों में बाढ़ कॉलोनियों में नावें चलीं, गंगा उफान पर बह रही
नईदिल्ली, एजेंसी। यूपी के 16 जिलों में 80 से ज्यादा गांव बाढ़ प्रभावित हैं। उन्नाव में पानी घरों में घुस गया है। लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। कॉलोनियों में नावें चल रही हैं। कानपुर में गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढऩे से घाट किनारे 100 से ज्यादा छोटे मंदिर डूब गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और लैंडस्लाइड ने रेल और सड़क यातायात प्रभावित किया है। कांगड़ा में पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेल सेक्शन पर ट्रैक पर चट्टानें गिरने से 4 ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं। सोलन के वकनाघाट में चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर भारी बारिश के बाद घना कोहरा छाया।
मप्र: जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से-जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। शुक्रवार को यहां हैवी रेन यानी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जिले- सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अगले 24 घंटे में 4 इंच या इससे ज्यादा पानी गिर सकता है। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में 12 अगस्त की सुबह लो प्रेशर एरिया (निम्न दबाव क्षेत्र) एक्टिव हुआ और 13 अगस्त की सुबह डिप्रेशन में बदल गया।









