सिंहस्थ क्षेत्र में बनेंगी 80 फीट चौड़ी पक्की सडक़ें, नपती शुरू

कुल 50 किमी लंबी सडक़ें बनना है मेले के आंतरिक क्षेत्र में
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 80 चौड़ी पक्की सडक़ें बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राजस्व विभाग और उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के संयुक्त अमले द्वारा मेला क्षेत्र में प्रस्तावित सडक़ों के लिए जमीन की नपती का काम शुरू कर दिया गया है।
नपती कार्य में जुटे राजस्व अमले ने बताया कि उज्जैन कस्बा, ग्राम भीतरी और खिलचीपुर क्षेत्र में पैमाइश का काम पूरा भी कर लिया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत मेला क्षेत्र में 80 फीट चौड़ी और करीब 50 किलोमीटर लंबी पक्की सडक़ें बनाई जानी हैं।
इस दौरान स्थानीय किसानों और भू-स्वामियों को भी प्रोजेक्ट और इसकी भविष्य की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों का लक्ष्य है कि एक सप्ताह के भीतर नपती का यह काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाए ताकि निर्माण एजेंसी को जमीन हैंडओवर कर सडक़ों का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करवाया जा सके।
कहां और कितनी लंबी बनेंगी सडक़ें
मेला क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों को आपस में जोडऩे के लिए कुल 50 किमी लंबा रोड नेटवर्क तैयार किया जा रहा है जिसका खाका कुछ इस तरह है-
उज्जैन कस्बा : इस पूरे प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र में आएगा, जहां सर्वाधिक करीब 25 किलोमीटर लंबी सडक़ें बनेंगी।
ग्राम भीतरी : करीब 8 किलोमीटर सडक़ें बनना है।
खिलचीपुर क्षेत्र : इस रूट पर करीब 7 किलोमीटर लंबी सडक़ प्रस्तावित है।
अन्य प्रमुख क्षेत्र : इसके अलावा भैरवगढ़, भदेड़ चक, मोजमखेड़ी, गोंसा और मोहनपुरा के मेला क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर लंबी सडक़ें बनाई जाएंगी।









