उज्जैन में सीजन की सबसे सर्द रात

By AV NEWS

मध्यप्रदेश में तेज सर्दी का असर:

उज्जैन, इंदौर में सीजन की सबसे सर्द रात

भोपाल और ग्वालियर में भी ठिठुरन बढ़ी

उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ी

अक्षरविश्व न्यूज. भोपाल:उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार सुबह कड़ाके की ठंड रही। प्रदेश में सबसे सर्द रात पचमढ़ी की रही। रविवार रात पारा 6.4 डिग्री पहुंच गया। यह इस सीजन में सबसे कम है। इंदौर और उज्जैन में भी इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। इंदौर में रात का तापमान पहली बार 12.6, उज्जैन में 10 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

ग्वालियर में लगातार 8 दिन से न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे है। भोपाल में भी टेम्प्रेचर में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 4 दिन तक ठंड का असर बना रहेगा।

इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट भोपाल ने अगले 48 घंटे में रात के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होने की बात कही है। ऐसे में ज्यादातर शहरों में पारा 10 डिग्री के नीचे आ सकता है। उमरिया, पचमढ़ी और रीवा की रात सबसे सर्द रही। यहां रविवार रात का पारा 6.4 दर्ज हुआ। प्रदेश में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 12.6 इंदौर में रहा। बाकी शहरों में इससे कम ही टेम्प्रेचर रहा।

आगे ऐसा रहेगा मौसम

जम्मू कश्मीर-लद्दाख के पास वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौजूद है। यह मध्यप्रदेश के मौसम को भी प्रभावित कर रहा है। 22-23 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश भी होने का अनुमान है।

इतनी ठंड इसलिए…राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती हवा के घेरे का असर प्रदेश में पड़ा है। इस वजह से शनिवार से मौसम बदला है। इस घेरे के कारण अरब सागर से नमी आई तो मौसम में हुए बदलाव के कारण दिन में फिर ठंडक बढ़ गई।

Share This Article