दुकान से 29 ग्राम सोना लेकर भागा नौकर उज्जैन स्टेशन से पकड़ाया

रतलाम के व्यापारी के पास 2 दिन पहले नौकरी करने आया था हावड़ा का युवक
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:रतलाम में सोने चांदी के आभूषणों की दुकान संचालित करने वाले व्यापारी के पास दो दिन पहले हावड़ा का युवक नौकरी करने आया और दूसरे दिन ही उसने दुकान से 29 ग्राम सोना चोरी कर लिया। व्यापारी ने उसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई व तलाश शुरू की। पीछा करते हुए व्यापारी उज्जैन स्टेशन पहुंचा।
यहां ट्रेन में बैठने से पहले युवक को पकड़कर जीआरपी के सुपुर्द किया। पंकज उपाध्याय पिता कैलाश उपाध्याय निवासी धानमंडी रतलाम की माणक चौक में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। पंकज ने बताया कि दो दिन पहले पड़ोस की दुकान पर काम करने वाले आशीष निवासी हावड़ा ने एक युवक को अपना परिचित बताकर आभूषण बनाने के काम पर रखवाया था। नौकरी पर रखने से पहले युवक से आधार कार्ड मांगा तो उसने दूसरे दिन देने की बात कही।
पंकज ने उसे काम पर रख लिया। वह युवक दूसरे दिन दुकान पर पहुंचा और यहां से 29 ग्राम सोना चोरी कर करीब 11 बजे कहीं चला गया। आसपास तलाश करने पर उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा तो आशीष से उसके बारे में पूछताछ की। आशीष को साथ लेकर उक्त युवक की तलाश शुरू की साथ ही थाने में भी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग
सोना लेकर भागे हावड़ा पश्चिम बंगाल के युवक की तलाश पुलिस ने भी शुरू की थी। रतलाम स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज चैक करने के बाद पंकज, आशीष व अन्य लोग उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से युवक शिप्रा एक्सप्रेस में बैठकर भागने की फिराक में था। रात करीब 1 बजे इंदौर से उक्त ट्रेन उज्जैन स्टेशन पहुंची तो जीआरपी की मदद से युवक को हिरासत में लिया गया। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकार का घटनाक्रम हुआ है जिसकी जांच के बाद मामले का खुलासा किया जायेगा।









