Advertisement

महाकाल मंदिर के सामने होटल में लगी आग

आठ कमरों में ठहरे यात्रियों में अफरा तफरी मची, जनहानि नहीं…

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

फायर ब्रिगेड की दमकलों ने पाया काबू

अक्षरविश्व न्यूज .उज्जैनगुरुवार सुबह महाकाल मंदिर के सामने स्थित 4 मंजिल होटल में सुबह आग लग गई। आग से उठा धुएं का गुबार देखकर होटल के कमरों में ठहरे यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर महाकाल थाने का पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की दमकलें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

Advertisement

महाकाल मंदिर के सामने होटल सत्यम के तलघर में किचन है, पहली मंजिल पर खाने की रेस्टोरेंट और मैनेजर का ऑफिस, दूसरी व तीसरी मंजिल पर यात्रियों के ठहरने के लिये 8 कमरे बने हैं। चौथी मंजिल छत पर टीन शेड और किचन की चिमनी है।

सुबह होटल के किचन में कर्मचारी राजूबाई, चंचल उस्ताद, मोनू और राजेन्द्र मौजूद थे। उक्त कर्मचारी खाना बनाने का काम कर रहे थे तभी अचानक किचन की चिमनी में आग लगी और उसका धुआं तेजी से चौथी मंजिल तक फैल गया। इस दौरान होटल के सभी 8 कमरों में यात्री ठहरे थे। उन्होने तेज धुआं देखा तो घबराये और अपने-अपने कमरों में सामान छोड़कर नीचे की तरफ भागे। सूचना मिलते ही महाकाल थाने का पुलिस फोर्स होटल में पहुंचा। कमरों में ठहरे यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की इसी दौरान फायर ब्रिगेड की दमकलें भी यहां पहुंच गई और होटल के विद्युत कनेक्शन काटकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किये।

Advertisement

यात्रियों को नहीं पता था आग का

महाकाल थाने के पुलिसकर्मी होटल में ठहरे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में तुरंत जुट गये थे। कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्हें होटल में आग लगने की भनक नहीं लगी। वह कमरे में ही थे। पुलिस ने कमरों के खिड़की दरवाजे तोड़कर तलाशी ली और बाथरूम तक चैक किये ताकि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाये।

बीच रास्ते पर लगी दुकानें

कोट मोहल्ला चौराहे से महाकालेश्वर मंदिर के ठीक सामने तक मार्ग को बेरिकेड्स लगाकर पुलिस ने वाहन आवागमन के लिये प्रतिबंधित किया है। इसी का फायदा उठाकर फूल प्रसाद व अन्य सामग्री बेचने वालों ने सड़क के बीचोंबीच अपनी दुकानें लगा ली हैं। वहीं लोग सड़क के दोनों ओर अपने दो पहिया वाहन खड़े करते हैं तो बची हुई सड़क पर ई रिक्षा व आटो चालक गलियों से अपने वाहन ले जाते हैं। ऐसे में सुबह होटल में लगी आग बुझाने के लिये पहुंची फायर ब्रिगेड की दमकल को 100 मीटर की दूरी तक तय करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

5 साल में दूसरी बार लगी आग

महाकाल मंदिर के सामने स्थित होटल सत्यम में आगजनी की घटना पांच साल में दूसरी बार हुई है। खास बात यह कि पहली घटना से होटल संचालक ने कोई सबक नहीं लिया और आग बुझाने के यंत्र भी नहीं रखे। सबसे पहले मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने बताया कि फायर ब्रिगेड से पहले उनकी टीम होटल पहुंच चुकी थी लेकिन होटल में आग बुझाने के यंत्र नहीं मिले। पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया था। बताते हैं कि होटल में आग से निपटने के पर्याप्त संसाधन भी नहीं है।

Related Articles

Write a review