दहेज के लिए गर्भवती को मारपीट कर घर से निकाला

पति ने तीन तलाक की धमकी दी और बोला चेहरे पर एसिड फेंक देंगे
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:यादव नगर में रहने वाली गर्भवती महिला के साथ उसके ससुरालजनों ने मारपीट की और घर से निकाल दिया। घायल महिला को उसके परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया और चिमनगंज थाने पर सूचना दी।
अलिना पति तैय्यब 20 वर्ष निवासी यादव नगर को उसके पिता जहीर खान व अन्य परिजनों ने घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अलिना ने बताया कि वह 7 माह की गर्भवती है। 26 दिसंबर 22 को उसका निकाह तैयब से हुआ था। निकाह के बाद से ही ससुरालजन दहेज के लिये परेशान कर रहे थे।
बुधवार को ससुरालजनों ने घर में सफाई के लिये बुलाया था। उस दौरान पति ने पूछा कि घर से दो लाख रुपये मंगाये थे लाई कि नहीं। जब अलिना ने रुपये नहीं लाने की बात कही तो उसके ससुरालजनों ने एकमत होकर मारपीट शुरू कर दी।
परिजन पीटते रहे पति देखता रहा
अलिना ने बताया कि उसका मायका यादव नगर में ही है। बुधवार को सास तब्बू, ससुर गनी, ननंद मुमताज, देवर उसे पीट रहे थे तब पति तैयब वहीं खड़ा होकर देख रहा था। देवर ने कपड़े फाड़ दिये और ननंद ने पेट में लातें मारी थीं। इस दौरान वहीं खड़ा पति कह रहा था इसे तीन तलाक देकर चेहरे पर एसिड फेंक दूंगा।
दिव्यांग पिता बोले…पुलिस नहीं आई
अलिना के दिव्यांग पिता जहिर खान ने बताया कि बेटी के साथ ससुरालजनों द्वारा बेरहमी से मारपीट किये जाने के बाद उसे घायल हालत में ही चिमनगंज थाने लेकर गये थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा था कि अस्पताल चले जाओ वहीं पुलिस आयेगी, लेकिन गुरूवार सुबह 11 बजे तक थाने से कोई पुलिसकर्मी बयान लेने या रिपोर्ट दर्ज करने नहीं आया।









