सिर्फ सुबह के समय ही रोड 60 फीट चौड़ा करने का सर्वे

सुबह जब लोग सोते हैं तब सड़क की होती है नपती
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन सिंहस्थ 2028 से पहले शहर के मार्गों के चौड़ीकरण की शुरुआत के क्रम में नगर निगम ने गाड़ी अड्डा से शिप्रा नदी के बड़े पुल तक की रोड को 60 फीट चौड़ा करने का सर्वे शुरू कर दिया है, लेकिन यह सुबह उस समय ही किया जा रहा जब, लोग सोए रहते हैं। सूरज निकलने के बाद सर्वे बंद कर दिया जाता है।

नगर निगम ने सर्वे का काम एक निजी एजेंसी को सौंपा है। एजेंसी सुबह 5 से आठ बजे तक ही सर्वे कर रही। इसकी वजह गर्मी नहीं बल्कि टीम को लोग घेर लेते हैं और बार बार पूछते हैं कि उनका मकान कितना जा रहा। इस कारण सर्वे का काम दिन में ठीक से नहीं हो पाता। सर्वे का काम बिना किसी अड़चन के करने के लिए टीम ने यह सुबह का समय चुना है जब बहुत कम लोग ही उठते हैं। इससे वह आसानी से सर्वे कर पा रही है।
गाड़ी अड्डा से बड़े पुल तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे मार्ग पर अब सेंट्रल लाइटिंग और डिवाइडर लगाने की भी योजना है। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव ने बताया रोड का सर्वे शुरू हो चुका है और जल्द ही पूरा होने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। सर्वे के बाद ही डीपीआर तैयार की जाएगी। सर्वे होने के कारण ही पूरे क्षेत्र में हलचल मची हुई है। कई लोग अपने मकान और दुकान बेचने की कोशिश भी कर रहे। सर्वे पूरा होने के बाद ही मकानों और दुकानों पर लाल निशान लगाएं जाएंगे ताकि लोगों को पता चल सके कि उनकी संपत्तियों को कितना हटाना है। मार्ग के धर्म स्थलों को भी चिन्हित किया जाएगा।
कहां से कहां तक रोड किया जाएगा चौड़ा
आगर रोड पर गाड़ी अड्डा से चौड़ीकरण की शुरुआत होगी।
वीडी क्लॉथ मार्केट, निकास चौराहा, खजूरी मस्जिद से जूना सोमवारिया होते हुए बड़े पुल तक का होगा सर्वे।
रोड को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा।








