रॉन्ग साइड से टैंकर ने कार-पिकअप को मारी टक्कर, 8 लोगों की मौत

बदनावर-उज्जैन फोरलेन में हादसा, घायलों को क्रेन से निकाला
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज बदनावर (धार)। धार जिले के बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर बुधवार रात 11 बजे रॉन्ग साइड से आ रहे गैस टैंकर ने कार और पिकअप वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार चार और कार सवार चार लोगों समेत 8 की मौत हुई है। पिकअप सवार 2 लोग घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ लोग कार और पिकअप में फंस गए। उन्हें क्रेन की मदद से निकाला जा सका। कार सवार सभी लोग मंदसौर के एयू स्मॉल फायनेंस बैंक के कर्मचारी थे। जो इंदौर में एक बैठक में शामिल होकर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे इंडेन गैस टैंकर उज्जैन की ओर जा रहा था।
बदनावर-उज्जैन बायपास पर टैंकर रॉन्ग साइड से आ रहा था। इसी दौरान टैंकर ने पहले बदनावर की ओर जा रहे पिकअप को टक्कर मारी। इसके बाद उसके पीछे आ रही कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वाहन टैंकर के नीचे घुस गया। पिकअप में पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौत हो गई। एक घायल को अस्पताल ले जाया गया। पिकअप वाहन नया और बिना नंबर का है। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे घायलों को निकाला जा सका।
कार सवार एक व्यक्ति ने रास्ते में दम तोड़ा कार में चार लोग सवार थे। इनमें से तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य को बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रतलाम मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। रतलाम ले जाते समय रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। टैंकर चालक भी गंभीर रूप से घायल है। वहीं एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बैंक मैनेजर की भी गई जान हादसे में रतलाम के नामली के अनिल व्यास की मौत हो गई। अनिल व्यास एयू बैंक हेड ब्रांच रतलाम के एरिया मैनेजर थे। वह होम लोन डिपार्टमेंट में थे। इनके अंडर में रतलाम, मंदसौर, झाबुआ, नीमच, पेटलावद का एरिया था।उनके परिवार में पत्नी प्रियंका व्यास, बेटा अक्षत (12), बेटी वैष्णवी व्यास (10) के अलावा उनकी मां हैं। छोटा भाई सुनील व्यास है। परिजन शव लेकर बदनावर से निकल गए है। आज अंतिम संस्कार के लिए लेकर जाएंगे।