पीटीएस में मधुमक्खियों का हमला, निरीक्षक की मौत

आज होगा अंतिम संस्कार, चरक अस्पताल में भर्ती पुलिसकर्मी डिस्चार्ज

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में बुधवार दोपहर अचानक उस वक्त हडक़ंप मच गया जब मधुमक्खियों के झुंड ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हादसे में पीटीएस में पदस्थ निरीक्षक रमेश कुमार धुर्वे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत चरक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत में सुधार होने पर शाम को ही डिस्चार्ज भी कर दिया गया। गुरुवार सुबह धुर्वे का पीएम किया गया। दोपहर में चक्रतीर्थ पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दरअसल, घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है। जब धूलभरी हवाएं चल रही थीं इसलिए पीटीएस परिसर के पार्किंग क्षेत्र में बने साइड शेड के नीचे निरीक्षक रमेश कुमार धुर्वे, एएसआई कैलाश चौहान, निरीक्षक दिनेश पटेल और एसआई बलराम चड़ार, एएसआई राधेश्याम गोयल और अखिलेश सूर्यवंशी खड़े थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड शेड की ओर आया और चारों अधिकारियों पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मधुमक्खियों का हमला इतना तीव्र था कि अधिकारी खुद को बचाने का प्रयास भी नहीं कर पाए। कुछ ही मिनटों में पांच अधिकारी जमीन पर गिर गए। पीटीएस स्टाफ और मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को अस्पताल पहुंचाया। मधुमक्खियों के हमले से धुर्वे बुरी तरह घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बताया उनके शरीर पर मधुमक्खियों ने डंक मारे थे जिससे वे गंभीर रूप से एलर्जिक शॉक में चले गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
वन विभाग और आपदा प्रबंधन सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें पुलिस ट्रेनिंग स्कूल पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आंधी-तूफान के कारण पीटीएस के पास एक पुराने पेड़ स्थित मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता टूट गया था। इससे बुरी तरह विचलित होकर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। संबंधित विभाग छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाने की प्रक्रिया में जुटा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति ना हो।
घायलों को अस्पताल से किया डिस्चार्ज पीएम भी हुआ
घायल एएसआई कैलाश चौहान, निरीक्षक दिनेश पटेल और एसआई बलराम चड़ार, एएसआई राधेश्याम गोयल, एएसआई अखिलेश सूर्यवंशी को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया था जहां शाम को उन्हें हालत में सुधार होने से डिस्चार्ज कर दिया गया। इधर, गुरुवार सुबह निरीक्षक धुर्वे का पीएम का शव परिजनों को सौंप दिया। वह मूलत: बैतूल के रहने वाले थे। आज दोपहर में उनका अंतिम संस्कार चक्रतीर्थ पर किया जाएगा।
पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर
निरीक्षक रमेश कुमार धुर्वे की असामयिक मौत से पूरे पुलिस विभाग में शोक है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली और शोक जताया। आईजी उमेश जोगा ने कहा ‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुर्लभ घटना है। हम मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’ एसपी प्रदीप शर्मा भी हालचाल जानने के लिए पहुंचे थे।
3500 पेड़ हैं…
एसपी पीटीएस अंजना तिवारी ने बताया कि परिसर में छोटे-बड़े ३५०० पेड़ हैं। दो ओर वन विभाग का जंगल और एक ओर खेत है। ेऐसे में मधुमक्खियों के छत्तों का ठीक से पता नहीं चलता। पीटीएस परिसर के छत्ते समय-समय पर हटवाए जाते हैं। घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। धुर्वे योग्य अधिकारी थे। वह हार्ट पेशेंट भी थे। वह इलाज के लिए जा रहे थे, इसी दौरान मधुमक्खियों ने हमला बोला।









