देवास के दूध व्यापारी को तपोभूमि के पास लूटा मारपीट की, बुलेट और मोबाइल छीन कर ले गए

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। देवास में दूध का व्यापार करने वाले एक युवक के साथ तपोभूमि के पास लूट की वारदात हुई। बाइक पर आए चार बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और मोबाइल सहित बुलेट छीन कर फरार हो गए। नानाखेड़ा पुलिस सीसीटीवी और पुलिस टीम की मदद से बदमाशों का पता लगा रही है।

पुलिस के अनुसार देवास के इमली चौक इलाके में रहने वाले शक्ति सिंह पंवार ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह दूध का व्यापार करता है। काम से निवृत्त होकर अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए गत रात साढ़े ग्यारह बजे के करीब हासामपुरा जा रहा था। तपोभूमि तक पहुंचा तभी फोन आया। उसने अपनी बुलेट एक तरफ लगाई और बात करने लगा। इसी बीच एक बाइक पर सवार चार युवक आए और मारपीट शुरू कर दी। उसे बचने का मौका नहीं मिला।
चारों में से एक ने मोबाइल छीन लिया। दूसरे ने बुलेट की चाबी छीन ली। दो युवकों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। वह उठता उससे पहले दो युवक उनकी बाइक पर दो युवक बुलेट पर सवार होकर भाग गए। उसने रास्ते से गुजर रहे लोगों से मदद मांगी और उनके मोबाइल से देवास और हासामपुरा फोन लगा कर रिश्तेदारों को बुलाया। पुलिस ने बताया कि युवक की शिकायत पर अज्ञात चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बदमाशों को पकडऩे के लिए एक टीम भी बनाई है। तपोभूमि और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं।









