बडऩगर का तस्कर 5 लाख से ज्यादा की एमडी ड्रग्स के साथ पुलिस गिरफ्त में, घेराबंदी कर पकड़ा

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुलिस इन दिनों मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। अब तक कई तस्कर पकड़ में आ चुके हैं और उनके कब्जे से मादक पदार्थ की बरामदगी हुई है। हाल ही में भाटपचलाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 लाख 80 हजार रुपए की एमडी ड्रग्स बरामद की है। तस्कर ने यह ड्रग बडऩगर के एक तस्कर से खरीदी थी। फिलहाल वह फरार है।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि भाटपचलाना थाना प्रभारी सतेंद्रसिंह चौधरी ने मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि एक तस्कर जिसने काले रंग का शर्ट पहन रखा है, वह बगैर नंबर की बुलेट पर काछीबड़ौदा से रुनिजा की तरफ जाने वाला है। उसके पास मादक पदार्थ है। वह इसे किसी व्यक्ति को देने जा रहा है। यह सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने एक टीम गठित की और रूनिजा काछीबड़ौदा रोड पर नाकाबंदी कर दी। थोड़ी देर बाद बुलेट पर आता हुआ एक युवक दिखाई दिया। उसे पुलिस टीम ने रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नावेदउद्दीन पिता जमीलउद्दीन शेख निवासी जगदीश गली अडान मोहल्ला बडऩगर बताया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 58 ग्राम मैडाफीन (एमडीएम ड्रग्स) बरामद हुई। इसकी कीमत ५ लाख ८० हजार रुपए आंकी गई।
जावरा के शादाब से ली थी ड्रग्स
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब नावेदउद्दीन से पूछा गया कि वह यह ड्रग्स कहां से लेकर आया। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसके साथी नीम चौक जावरा निवासी शादाब उर्फ सद्दा खान से ली थी। शादाब भी ड्रग्स की तस्करी करता है। थाना प्रभारी ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नावेद के खिलाफ कानवन जिला धार, इंगोरिया और बडऩगर में भी अपराध दर्ज है। वह शातिर बदमाश है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बुलेट भी जब्त कर ली है। जिसकी कीमत 2 लाख 10 हजार रुपए आंकी गई है।
इनकी भूमिका सराहनीय रही
पुलिस अधीक्षक के अनुसार तस्कर की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी के अलावा एसआई अशोक कुमार बैरागी, प्रतीक यादव, प्रधान आरक्षक शैलेंद्रसिंह सिसौदिया, पुष्पराजसिंह, हितेश निम्बोला, आरक्षक राजेश सोयल, विजय जाट, नवीन जादम, अक्षत कपटोला, सुंदरलाल भंवर, नारायण सरा, मनोज बैरागी, राकेश निनामा, अशोक चौहान, महिला आरक्षक सीमा सिंघई, कृष्णा धाकड़ एवं अजय पाल व रवि बैरागी की सराहनीय भूमिका रही।









