Advertisement

आज रात निकलेगा झिलमिलाती झांकियों का कारवां, 5 रहेंगी

गणेशोत्सव: दस दिन से विराजीं गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू, सुबह से निकलने लगे चल समारोह, डीजे-बैंड की धुन पर नाचते-गाते निकले

Advertisement

विसर्जन जुलूस के कारण शाम ६ बजे से कई मार्ग पर डायवर्शन होगा लागू

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दस दिन से घर-प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर विराजीं गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुक्रवार सुबह से शुरू हो गया। लोगों ने बप्पा का पूजन किया, आरती की और इस वादे के साथ उनको लेकर अपने साथ शिप्रा तट और तालाबों पर पहुंचे कि अगले बरस जल्दी आना।

Advertisement

नगर निगम ने नदी और तालाबों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रतिमाओं को ले जाने की व्यवस्था की थी। रामघाट,गऊघाट, त्रिवेणी घाट, मंगलनाथ घाट और हीरा मिल कुंड पर वाहन खड़े किए थे। यहां प्रतिमाओं का एकत्रीकरण किया गया। आज रात झांकियों का कारवां निकलेगा। इस बार अनंत चतुर्दशी जुलूस में कुल पांच झांकियां शामिल रहेंगी। इनमें दो उज्जैन नगरनिगम और दो नगर निगम के पीएचई विभाग और एक चिंतामण गणेश मंडल की रहेगी। गणेश प्रतिमाओं के दो रथ भी शामिल रहेंगे। चल समारोह के कारण शहर के कई मार्ग पर शाम 6 बजे से डायवर्शन लागू हो जाएगा।

मौसम खुला रहने से इस बार गणेशोत्सव के दिनों का पता ही नहीं चला। चतुर्थी से शुरू हुआ उत्सव का दौर अनंत चतुर्दशी तक इतनी तेजी से पहुंचा कि समय कब बीत गया मालूम ही नहीं चला। सार्वजनिक पंडालों में गुरुवार को काफी रौनक देखी गई। इस दौरान कहीं महाआरती हुई तो कहीं भंडारा चलें। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी खूब हुए। शुक्रवार सुबह से प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर शुरू हुआ। लोगों ने पूजन-आरती की और अपने-अपने साधनों से प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले गए। बप्पा को किसी ने स्कूटर की सवारी कराई तो किसी ने बाइक की। कोई कार से ले गया।

Advertisement

शाम 6 बजे से चामुंडा माता चौराहा का ट्रैफिक बदलेगा

अनंत चतुर्दशी चल समारोह के कारण शाम ६ बजे से चामुंडा माता चौराहा से ट्रैफिक बदला जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया कि चल समारोह यूं तो रात १० बजे शुरू होगा, पर व्यवस्था की दृष्टि से ट्रैफिक चेंज रहेगा।
द्द ग्रांड होटल, फ्रीगंज ओवर ब्रिज होकर चामुंडा माता चौराहा जाने वाला ट्रैफिक हनुमान प्रसाद पेट्रोल पंप के सामने से देवासगेट, इंदौर गेट पर डायवर्ट रहेगा।

कोयला फाटक चौराहा से आने वाले ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा, फोर व्हीलर, हीरा मिल कुंड तिराहा, जीरो पाइंट ब्रिज, सांदीपनि चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम के सामने से होते हुए देवासरोड पर जाएंगे।

आगर-तराना की यात्री बसें मंडी चौराहा से आएंगी-जाएंगी।

हरिफाटक चौराहा, हरिफाटक टी से देवासगेट होते हुए मंडी तिराहे की तरफ जाने वाले फोर व्हीलर शांति पैलेस, इंजीनियरिंग कॉलेज, तिराहा, पाइप फैक्टरी चौराहा, विक्रमनगर, पांडयाखेड़ी चौराहा होते हुए मंडी चौराहा तक आएंगे-जाएंगे।

रात 8 बजे से चामुंडा माता चौराहा पर वाहन प्रतिबंधित हो जाएंगे। हनुमानदास पेट्रोल पंप के सामने, चरक अस्पताल के सामने, देवासगेट-चामुंडा माता चौराहा, दौलतगंज चौराहा से देवासगेट चौराहा, सुदामानगर से चामुंडा माता चौराहे के बीच सारे वाहन बंद कर दिए जाएंगे।

महाकाली और नृसिंह अवतार का चित्रण होगा

अनंत चतुदर्शी चल समारोह में इस बार पांच झांकियां निकलेंगी। दो का निर्माण नगर निगम ने किया है और दो का नगर निगम के पीएचई विभाग ने। इनमें महाकाल और नृसिंह अवतार के दृष्य चित्रित किए गए हैं।

नगर निगम : नगर निगम की दो झांकियों में से एक में भगवान नृसिंह के अवतार का चित्रण किया है, जबकि दूसरे में ब्रह्म, विष्णु और महेश के नृत्य का दृश्य होगा।

1. पहली झांकी ब्रह्मा-विष्णु और महेश के नृत्य की होगी। इसमें ब्रह्मपुरी मे ब्रह्म नाचे, शिव नाचे कैलाश गीत पर नृत्य होता दिखेगा। गीत पूरे समय बजेगा। झांकी को ३ हजार बड़े और ५० हजार मिनिएचर बल्बों से सजाया गया है।

2. दूसरी झांकी नृसिंह अवतार की रहेगी। इसमें खंबे से प्रकट होते हुए नृसिंह दिखाई देंगे। झांकी कलाकार अशोक राव के अनुसार दोनों झांकियों के साथ गणेशजी का रथ रहेगा। झांकी बनाने में मदद भरत राव, प्रकाश राव और राधा सर्वेश्वर ने की है।

3. तीसरी झांकी में पीएचई विभाग ने देवी महाकाली के रौद्र रूप का प्रदर्शन किया है। इसमें महाकाली के गुस्से को शांत करने के लिए महादेव जमीन पर लेटे दिखाई देंगे।

4. चौथी झांकी में वीर हनुमान के संजीवनी की खोज में जाने और पर्वत उठा ले जाने का दृश्य रहेगा। इस झांकी का निर्माण शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने सहयोगी रमेश सिरवैया, राजेंद्र कुमरे और निहालसिंह भभूतिया के सहयोग से दस दिन में किया है। इन झांकियों के साथ गणेश जी का रथ भी रहेगा। ठाकुर के मुताबिक झांकियों को 20 हजार बड़े बल्ब, 50 हजार मिनिएचर और 20 हजार पार्क लाइटस से सजाया गया है।

5. चिंतामन गणेश मंडल की झांकी भी चल समारोह शामिल होंगी। हालांकि इसका दृश्य पता नहीं चला है।

इन मार्ग पर भी रहेगा डायवर्शन
कोयला फाटक चौराहा, नया मार्ग, मंडीगेट तिराहा, मदारगेट, क्षीरसागर टर्निंग, कंठाल चौराहा, नरेंद्र टॉकिज, तेलीवाड़ा चौराहा, टंकी चौक, कमरी मार्ग, गुदरी चौराहा, दानीगेट, गणगौर दरवाजा, पानदरीबा, हरसिद्धि पाल, यादव धर्मशाला, बेगमबाग चौराहा, हरिफाटक टी, हरिफाटक चौराहा

यह रहेगा चल समारोह मार्ग
देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज, फव्वारा चौक, नई सड़क, कंठाल, सतीगेट, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनीबाजार, गुदरी चौराहा, पानदरीबा, रामानुज कोट, गणगौर दरवाजा, रामघाट-सुनहरी घाट।
नोट- बड़ी झांकियां और प्रतिमाएं गुदरी चौराहा से महाकाल घाटी, बेगमबाग, हरिफाटक ओवरब्रिज का प्रयोग कर नदी तक पहुंचेंगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें