दशानन तैयार, प्रभु श्रीराम का इंतजार

विजयादशमी पर आज चार जगह रावण दहन

उज्जैन। विजयादशमी पर गुरुवार शाम चार जगह दशहरा मैदान, कार्तिक मेला ग्राउंड, भैरवगढ़-उन्हेल चौराहा और हीरामिल ग्राउंड पर रावण के पुतले का दहन होगा। शाम से दशहरा उत्सव शुरू की शुरुआत होगी और रात 8 बजे बाद रावण दहन शुरू होंगे। इसके पहले रंगारंग आतिशबाजी होगी।
कार्तिक मेला: 101 फीट ऊंचा रावण
कार्तिक मेला प्रांगण में स्व. प्रेमनारायण यादव व स्व. श्रीराम भैया यादव की स्मृति में विजयादशमी महोत्सव समिति रावण दहन करेगी। सचिव चेतन प्रेमनारायण यादव ने बताया 101 फीट ऊंचा पुतला युद्ध की वेशभूषा में रहेगा। शाम 6:30 बजे से ग्वालियर और शिवपुरी के कलाकार आतिशबाजी करेंगे। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण की सवारी व देवगुरु बृहस्पति महाराज की पालकी का पूजन संभाग आयुक्त आशीष सिंह एवं नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा करेंगे। 1983 में आयोजन शुरू हुआ था।
दशहरा मैदान : पुतले के हाथ में एके-47
दशहरा मैदान पर यह 62वां दशहरा महोत्सव है। आयोजन समिति प्रमुख शिवा खत्री के मुताबिक पहलगाम की दर्दनाक घटना पर केंद्रित रावण के 101 फीट पुतले को आतंकवादी स्वरूप बताकर हाथों में एके 47 दी गई है। पुतले का वध ब्रह्मोस मिसाइस से होगा। इससे पहले देवास, ग्वालियर कलाकार आतिशबाजी करेंगे। संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह एसपी प्रदीप शर्मा शुभारंभ करेंगे। मुख्य अतिथि सीएम डॉ. मोहन यादव रहेंगे। उत्सव शाम 7 बजे शुरू होगा।
उन्हेल चौराहा : ब्रह्मोस मिसाल से होगा रावण दहन
भैरवगढ़ में इस वर्ष दशहरे पर होने वाले रावण दहन में ब्रह्मोस मिसाइल से रावण का दहन किया जाएगा। भैरवगढ़-उन्हेल रोड चौराहा थाने के पास यह आयोजन गुरुवार रात 8 बजे से होगा। श्रीराम नवयुवक मंडल का यह 27वां दशहरा मिलन समारोह है। यहां रावण के पुतले की ऊंचाई 101 फीट रहेगी। कार्यक्रम में सबसे बड़ा आकर्षण होगा ब्रह्मोस मिसाइल के माध्यम से रावण का दहन।
रावण के पुतले का निर्माण कलाकार राजेंद्र चावड़ा काका और भंडारी ने किया। मंडल संयोजक संजय कोरट और राधेश्याम चौधरी ने बताया देवास के कलाकार छोटे खान और उनकी टीम द्वारा आतिशबाजी का रंगारंग प्रदर्शन किया जाएगा। रावण दहन से पहले भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की सवारी पूरे भैरवगढ़ क्षेत्र में भ्रमण करेगी जिसका जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
हीरामिल मैदान : 51 फीट के पुतले का दहन
हीरामिल मैदान पर भी आज दशहरा उत्सव मनेगा। विश्वबैंक कॉलोनी सहित करीब एक दर्जन रहवासी क्षेत्र से जुड़े लोग यहां दशहरा उत्सव का आनंद लेंगे। रावण दहन समिति का यह पांचवां वर्ष है। यहां पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले को परंपरागत रूप से सजाया है। रात 8 बजे रावण दहन शुरू होगा। इसके पहले करीब आधा घंटा आतिशबाजी होगी।









