सिरफिरे ने सरेराह मैजिक चालक और पुणे के श्रद्धालु को चाकू घोंपे

रातभर तलाशती रही पुलिस, सीसीटीवी फुटेज सामने आया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शनिवार शाम एक सरफिरे ने एक के बाद एक दो चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम देकर सनसनी मचा दी। उसने दौलतगंज चौराहे पर मैजिक चालक और फिर रेलवे स्टेशन से इंदौरगेट के बीच श्रद्धालु को चाकू घोंप दिए। वह अन्य वारदात ना कर दे इसलिए देवासगेट, कोतवाली, खाराकुआं और महाकाल थानों की पुलिस टीमें उसे तलाशती रही लेकिन उसका पता नहीं चल सका। हालांकि, देवासगेट पुलिस को उसका तीन सेेकंड का सीसीटीवी फुटेज मिला है जिसके आधार पर सरगर्मी से सिरफिरे की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुणे (महाराष्ट्र) का रहने वाला 24 वर्षीय रवि पिता संजीव राव महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आया था। पेशे से इंजीनियर रवि शनिवार को ओंकारेश्वर जाने के लिए मैजिक से बस स्टैंड जा रहा था तभी इंदौरगेट से रेलवे स्टेशन के बीच अज्ञात सिरफिरा आया और अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया जो उसे सीने में लगा। गंभीर हालत में रवि को ऑटो से चरक अस्पताल ले जाया गया। दूसरी वारदात भैरवगढ़ निवासी कमल पिता शोभाराम महावर के साथ हुई। कमल मैजिक चलाता है और शनिवार शाम को दौलतगंज चौराहा पर ट्रैफिक अधिक होने के कारण फंसा हुआ था। इसी दौरान वही अज्ञात सिरफिर हमलावर वहां आया और चाकू से कमल के गले पर वार कर भाग निकला। इससे कमल गंभीर घायल हो गया। उसे लोगों ने तत्काल चरक अस्पताल पहुंचाया। जहां उसके गले में 17 टांके लगाए गए। बदमाश पैदल ही आया था और वारदात करने के बाद गलियों से होकर भाग निकला।
चार थानों की पुलिस रातभर तलाशती रही
सिरफिरे चाकूबाज अन्य लोगों के साथ इस तरह की वारदातों को अंजाम ना दे पाए, इसके लिए देवासगेट सहित कोतवाली, खाराकुआं और महाकाल थाने की पुलिस टीमें उसे लगातार रातभर तलाशती रही लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। देवासगेट पुलिस को हमलावर का ३ सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है जिसमें वह काली पेंट, लाल टीशर्ट और सिर पर कैप लगाए दिखाई दे रहा है।
इनका कहना
सीसीटीवी फुटेज में हमलावर नजर आया है। चार थानों की पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही है। वह पन्नी बीनने वालों की तरह लग रहा है। उसके हुलिए के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई लेकिन जानकारी नहीं मिली। सरगर्मी से उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
अनिला पाराशर, टीआई, थाना देवासगेट








