पुलिस गिरफ्त में उज्जैन का तस्कर 1.330 किलो गांजा और स्कूटी जब्त

आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा, माधवनगर थाने के दर्ज प्रकरण में फरार था

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में इंगोरिया पुलिस ने उज्जैन के रहने वाले तस्कर को गिरफ्त में लेते हुए उसके कब्जे से १.३३० किलो गांजा और स्कूटी जब्त की है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खरसौदखुर्द के यात्री प्रतीक्षालय पर एक शख्स गांजा लेकर किसी को सप्लाय करने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल टीआई दीपेश व्यास ने विशेष टीम गठित की जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर शख्स को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमित उर्फ बॉबी पिता राकेश सोलंकी (27) निवासी सेठीनगर, उज्जैन बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 330 ग्राम गांजा और स्कूटी जब्त की गई जिसकी कीमत 1.30 लाख रुपए आंकी गई है।
पहले से दर्ज है प्रकरण
आरोपी अमित उर्फ बॉबी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ थाना माधवनगर में हफ्ता वसूली सहित अन्य प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी उक्त अपराधों में फरवरी से फरार था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है। इसमें पुलिस को जानकारी मिली कि वह अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर गांजा की तस्करी करता है। उसके साथियों की तलाश भी की जा रही है।
इनका कहना
आरोपी कहीं बाहर से गांजा लेकर आया था, उसके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया है।
दीपेश व्यास, टीआई, थाना, इंगोरिया









